इटारसी। कलेक्टर के निर्देशों के पालन में जिले के खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग ने संयुक्त रूप से अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ एक बड़ी मुहिम चलाई है। शुक्रवार को हुई इस कार्यवाही में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से अवैध रेत और गिट्टी परिवहन कर रहे वाहनों को जप्त किया गया। प्रशासनिक टीम ने अलग-अलग तहसीलों में दबिश देकर जब्ती की।
इटारसी तहसील के ग्राम-गुर्रा से रेत खनिज का अवैध परिवहन करते हुए दो ट्रक/डंपर एमपी,47 एच-4261 और एमपी 48जेडजी 7278 पकड़े गए। इसके अतिरिक्त, गिट्टी खनिज के ओवरलोड परिवहन में शामिल एक अन्य ट्रक/डंपर क्रमांक एमपी 04 जेडयू 7691 को भी जब्त किया। इन सभी वाहनों को सुरक्षा के लिए गुर्रा पुलिस थाने में खड़ा किया गया है। सोहागपुर तहसील के सोहागपुर क्षेत्र से रेत के अवैध परिवहन में संलिप्त एक ट्रैक्टर-ट्राली को जब्त कर पुलिस अभिरक्षा में लिया है।
इस संयुक्त कार्यवाही का नेतृत्व नीलेश शर्मा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, इटारसी, दिवेश मरकाम जिला खनिज अधिकारी, नर्मदापुरम, पिंकी चौहान खनिज निरीक्षक, नर्मदापुरम, रंजीत चौहान नायब तहसीलदार, सोहागपुर, कृष्णकांत सिंह परस्ते प्रभारी खनिज निरीक्षक और होमगार्ड बल की भागीदारी रही।
जब्त सभी वाहनों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम 2022 के कड़े प्रावधानों के तहत कानूनी कार्यवाही की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन गतिविधियों को रोकने के लिए इस तरह के अभियान निरंतर जारी रहेंगे।









