इटारसी। राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने कस्बा इटारसी में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आवासीय मकान में अवैध रूप से भंडारित भारी मात्रा में पटाखे जब्त किए हैं। यह कार्रवाई सुरक्षा मानकों का उल्लंघन कर घनी आबादी वाले क्षेत्र में पटाखों के अवैध भंडारण को रोकने के उद्देश्य से की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व नीलेश शर्मा के नेतृत्व में यह जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मिली गुप्त सूचना पर तहसीलदार शक्ति सिंह तोमर और टीम ने संबंधित आवासीय परिसर पर दबिश दी। जांच के दौरान, भाट मोहल्ला स्थित आशीष राजपूत के मकान के अंदर बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री (पटाखे) भंडारित पाए गए, जिन्हें तत्काल प्रभाव से जब्त कर लिया गया। इसी तरह से जैन जनरल स्टोर तथा जनता दुकान में भी पटाखा भंडारण की जांच की गई।

एसडीएम नीलेश शर्मा ने बताया कि दीपावली के त्योहार को देखते हुए पूरे कस्बे में पटाखा विक्रेताओं और भंडारगृहों की सघन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि रिहायशी इलाकों में बिना अनुमति के पटाखों का भंडारण करना अत्यंत जोखिम भरा है और यह आम जनता की सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करता है।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि केवल निर्धारित और सुरक्षित स्थानों पर ही नियमानुसार पटाखों का विक्रय और भंडारण किया जाए। इस कार्रवाई से अवैध रूप से पटाखे का कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है। राजस्व और पुलिस विभाग की यह संयुक्त कार्रवाई दर्शाती है कि प्रशासन सार्वजनिक सुरक्षा को लेकर कितना गंभीर है और आगे भी इस तरह की जांच जारी रहेगी। जब्त पटाखों की मात्रा और उनकी अनुमानित कीमत के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।








