पिपरिया। पिपरिया की स्टेशन रोड थाना पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने बिहार के गया जिले से एक शातिर जालसाज को गिरफ्तार किया है, जिसने योनो एप्लीकेशन डाउनलोड कराने के नाम पर एक बुजुर्ग से करीब 3 लाख रुपये की ठगी की थी।
क्या था पूरा मामला?
बीती 29 दिसंबर 2025 को पिपरिया के जयप्रकाश वार्ड निवासी 72 वर्षीय अजीज खान ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें झांसे में लेकर मोबाइल पर योनो ऐप डाउनलोड करवाया और उनके बैंक खाते से 2,99,448 रुपये पार कर दिए। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज
नर्मदापुरम पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा एस थोटा और एएसपी अभिषेक राजन के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई। सायबर सेल की मदद से बैंक ट्रांजेक्शन और तकनीकी डेटा खंगाला गया, जिससे आरोपी की लोकेशन बिहार में मिली। आरोपी की पहचान 20 वर्षीय मोहम्मद जफर इमाम (निवासी अलीगंज रोड, गया) के रूप में हुई। एसडीओपी मोहित कुमार यादव और थाना प्रभारी आदित्य सेन के नेतृत्व में पुलिस टीम बिहार पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस अब आरोपी से उसके अंतर्राज्यीय गिरोह और पिछले आपराधिक रिकॉर्ड के बारे में पूछताछ कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और अन्य ठगी की वारदातों का भी खुलासा हो सकता है। इस कार्रवाई में निरीक्षक आदित्य सेन, उपनिरीक्षक अमित सिंह भारद्वाज, एएसआई पंकज नामदेव, रेखा मुनिया, प्रधान आरक्षक रवीश बोहरे, आरक्षक अजय चौहान, रोहित ठाकुर, चन्द्र प्रकाश और साइबर सेल से जितेंद्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही।









