इटारसी/नर्मदापुरम। जिला स्तरीय मानस चैंपियंस लीग 2025 के अगले चरण में कल रविवार को इटारसी और नर्मदापुरम में साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे। इस वर्ष प्रतियोगिता में 90 या उससे अधिक अंक अर्जित करने वाले लगभग 240 मेधावी छात्र-छात्राओं को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया है।
छात्रों की सुविधा के लिए दो पारियों में आयोजन
प्रतियोगिता आयोजक ऋषिकुल संस्कृत विद्यालय ने इस वर्ष बच्चों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए साक्षात्कार को दो अलग-अलग पारियों और स्थानों पर संपन्न कराने का निर्णय लिया है। इटारसी और ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी का साक्षात्कार इटारसी स्थित पत्रकार भवन में प्रात: 10 बजे से लिया जाएगा। नर्मदापुरम और आसपास के विद्यार्थी का साक्षात्कार नर्मदापुरम के ऋषिकुल संस्कृत विद्यालय में दोपहर 12 बजे से होगा। यह व्यवस्था इसलिए की गई है ताकि बच्चों को आवागमन में सुविधा हो सके।
सफलता का नौवां वर्ष और व्यापक भागीदारी
मानस चैंपियंस लीग का यह सफलतम नौवां वर्ष है, जिसकी शुरुआत इस वर्ष जुलाई माह के प्रथम सप्ताह से हो चुकी थी। प्रतियोगिता समन्वयक डॉ. वैभव शर्मा ने बताया कि इस वर्ष जिले के सभी स्कूलों में लगभग नौ हजार प्रश्न पत्रों का वितरण किया गया था, जिनमें से लगभग सात हजार भरे हुए प्रश्न पत्र प्राप्त हुए। जिले भर के छात्र-छात्राओं ने बड़े ही उत्साह के साथ इस प्रतियोगिता में भाग लिया। प्रश्नों का प्रारूप श्री रामचरित मानस से संबंधित था, जिसमें 38 प्रश्नों को 100 अंकों में विभाजित किया गया था। इसमें वैकल्पिक प्रश्न, जोड़ी मिलान, रिक्त स्थान, लघु व दीर्घ उत्तरीय प्रश्न शामिल थे।
पुरस्कारों की घोषणा और मुख्य उद्देश्य
इस वर्ष प्रथम पुरस्कार विजेता को 10,000 रुपए, द्वितीय पुरस्कार विजेता को 5,000, और तृतीय पुरस्कार विजेता को 3,000 प्रदान किए जाएंगे। साथ ही, तहसीलवार और अन्य सांत्वना पुरस्कारों का वितरण भी किया जाएगा। डॉ. शर्मा ने अनुसार इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को भगवान श्री रामचंद्र के चरित्र, चिंतन, मर्यादा और पारिवारिक परंपराओं से अवगत कराना है, ताकि वे अपने जीवन में उनका अनुसरण कर सकें।
परीक्षा परिणाम की प्रक्रिया
प्रश्न पत्रों की जांच का कार्य पूरा हो चुका है और चयनित बच्चों को स्कूल और कॉल के माध्यम से सूचना दी जा चुकी है। अब साक्षात्कार में प्राप्त अंकों के आधार पर वरीयता क्रम निर्धारित कर शीघ्र ही पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता को सफल बनाने में इटारसी के प्रमोद पगारे और उनके सहयोगियों का विशेष योगदान रहा है।









