इटारसी। भाई-बहन के पवित्र प्रेम का प्रतीक रक्षाबंधन अब करीब है और इसी के साथ इटारसी सहित आसपास के क्षेत्रों में बाजारों की रौनक देखते ही बन रही है। राखियों, उपहारों, मिठाइयों और परंपरागत वस्तुओं से बाजार सज गए हैं। दुकानदारों ने अपनी दुकानों को रंग-बिरंगी लाइट्स और सजावटी वस्तुओं से सजाकर खरीदारों का ध्यान आकर्षित किया है।
हर तरह की राखियों की भरमार
इस बार बाजार में परंपरागत राखियों के साथ-साथ नए ट्रेंड वाली राखियां भी खूब बिक रही हैं। बच्चों के लिए कार्टून और रुश्वष्ठ राखियां, महिलाओं के लिए कुंदन और जरी वर्क की राखियां, बहनों के लिए भाई-भाभी के लुम्बा सेट, यहां तक कि नाम और फोटो प्रिंट वाली पर्सनलाइज्ड राखियां भी बाजार में उपलब्ध हैं। ?10 से लेकर 500 रुपए तक की राखियां बाजार में मौजूद हैं।
मिठाइयों और गिफ्ट आइटम की भी धूम
राखियों के साथ मिठाइयों और उपहार की भी जमकर खरीददारी हो रही है। मिठाई दुकानों पर केसर बर्फी, चॉकलेट बर्फी, पेड़ा, काजू कतली, ड्रायफ्रूट बॉक्स की भारी डिमांड है। उपहार के लिए पर्स, कपड़े, घडिय़ां, मोबाइल एक्सेसरीज और सजावटी सामान की बिक्री बढ़ी है।
व्यापारियों की प्रतिक्रिया
हाट बाजार में राखी विक्रेता विनोद सोनी ने बताया, इस बार ग्राहकों की पसंद बदली है। अब लोग सजावट और क्वालिटी का खास ध्यान दे रहे हैं। डिजाइनर और पर्सनलाइज्ड राखियों की मांग बहुत ज्यादा है। जयस्तंभ चौक की एक महिला विक्रेता सीमा बाई कहती हैं, हमने खुद की बनाई राखियां रखी हैं, जो लोगों को खूब पसंद आ रही हैं। इस बार बिक्री काफी अच्छी है।
व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस भी मुस्तैद है। बाजार क्षेत्रों में ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के मद्देनजर पैदल गश्त भी बढ़ाई गई है।









