इटारसी। शहर के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में से एक श्री राम जन्म महोत्सव की भव्यता और सफल संचालन के लिए श्री राम जन्म महोत्सव समिति ने कमर कस ली है। आगामी आयोजन की विस्तृत रूपरेखा तैयार करने हेतु समिति की महत्वपूर्ण वार्षिक बैठक आगामी रविवार, 8 फरवरी 2026 को बुलाई गई है।
सत्संग भवन में होगा मंथन
समिति के सचिव अभिषेक तिवारी ने बताया कि यह बैठक सायं 4 बजे से श्री द्वारिकाधीश बड़ा मंदिर स्थित सत्संग भवन में होगी। बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रभु श्री राम के जन्मोत्सव को इस वर्ष और अधिक भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार करना है।
बैठक में महोत्सव के दौरान होने वाले विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का निर्धारण, समिति के नए सदस्यों और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपना, सुरक्षा, साज-सज्जा और जन-सहयोग जैसे आवश्यक विषयों पर निर्णय लिए जाएंगे। सचिव अभिषेक तिवारी ने समिति के सभी पदाधिकारियों, सम्मानित सदस्यों, दानदाताओं एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं से आग्रह किया है कि वे समय पर उपस्थित होकर अपने सुझाव दें, ताकि महोत्सव को ऐतिहासिक बनाया जा सके।










