इटारसी। वर्धमान फेब्रिक्स बुदनी द्वारा नगर पालिका इटारसी के सहयोग से 18 नवंबर को कवि भवानी प्रसाद मिश्र ऑडिटोरियम में मेगा महिला रोजगार शिविर का आयोजन किया जाएगा। आज नगर पालिका कार्यालय में नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पंकज चौरे और वर्धमान ग्रुप के एचआर विभाग से आए दीपक कुमार राणा और अजय मालवीय ने मीडिया को शिविर की जानकारी प्रदान की।
नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने कहा कि यह महिला सशक्तिकरण की दिशा में महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने का प्रयास है। इस शिविर में 18 से 28 वर्ष की दसवी-12 वी पास अविवाहित महिलाएं ही शामिल हो सकती हैं। शिविर में महिलाओं का योग्यतानुसार चयन किया जाएगा।
अप्रेन्टिस बेस पर होगा चयन
कंपनी के दीपक कुमार राणा ने बताया कि पहले तीन माह अप्रेन्टिस बेस पर चयन होगा जिसमें निर्धारित 12,150 रुपए मानदेय मिलेगा। ट्रेनिंग के उपरांत सैलरी बढ़ जाएगी और समय-समय पर शासन द्वारा निर्धारित भत्ते और अन्य सुविधाएं भी प्राप्त होंगी। ट्रेनिंग के बाद आपरेटर और सहायक आपरेटर पदों पर नियुक्तियां होंगी।
200 का लक्ष्य है
उन्होंने बताया कि शिविर में दो सौ महिलाओं के चयन का लक्ष्य है। उनको शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड, अपने पिता का आधार कार्ड और छह पास पोस्ट साइज के फोटो लाना होगा।
यह है सुविधाएं
इटारसी से महिलाओं को कारखाना में लाने-ले जाने के लिए कंपनी की बस चलती है। इटारसी के आसपास की दूरस्थ रहने वाली महिलाओं के लिए यदि उनको आने-जाने में दिक्कत है तो कंपनी परिसर में ही हॉस्टल की सुविधा है, कंपनी परिसर में ही सामान्य रोगों के उपचार के लिए क्लीनिक संचालित होता है।








