इटारसी। ग्राम पंचायत भट्टी के युवा नेता ने बारिश आने से पूर्व गांव की व्यवस्था सुधारने पंचायत सचिव को ज्ञापन सौंपा है। सचिव लता त्यागी को दिये ज्ञापन में अनेक कार्यों को पूर्ण करने की मांग की है।
युवा नेता श्याम गालर ने बताया कि ग्राम पंचायत में नाली में कचरा मिट्टी जमा हो जाने के कारण पानी सड़क के ऊपर से बहने लगा जिससे आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्राम के समस्त वार्डों की नाली की सफाई कराई जाए और सप्ताह में एक दिन प्रत्येक वार्ड की सफाई कराई जाए। उन्होंने सवाल किया है कि ग्राम पंचायत में सफाई कर्मी के नाम से हर महीने बिल लगता है तो फिर ग्राम के वार्डों में सफाई क्यों नहीं होती?
उन्होंने बताया कि हाईस्कूल पानी की टंकी के पास से मनमोहन चौधरी की दुकान तक बारिश के दिनों में जो बारिश का पानी रोड पर जमा हो जाता है जिसमें स्कूल के बच्चे, आंगनबाड़ी के बच्चे प्रतिदिन पानी में से पार कर शिक्षा ग्रहण करने आते हैं, उस जगह पर नाली निर्माण किया जाए। 15 दिवस के अंदर ग्राम के समस्त वार्डों की सफाई जिस जगह नाली में पानी की निकासी की व्यवस्था न हो उसे सुधार कर पानी के निकासी की व्यवस्था की जाए।









