- जल्द काम प्रारंभ न होने पर कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी
इटारसी। रेलवे स्टेशन से यार्ड की ओर जाने वाली सड़क की जर्जर हालत अब आम नागरिकों और यात्रियों के लिए मुसीबत का सबब बन चुकी है। इस समस्या को लेकर बुधवार को कांग्रेस पदाधिकारियों ने भोपाल मण्डल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी को एक ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने दो टूक शब्दों में मांग की है कि सड़क का निर्माण जल्द शुरू कराया जाए, वरना उग्र आंदोलन किया जाएगा।
गड्ढों में तब्दील हुई सड़क, दुर्घटनाओं का बना डर
डीआरएम को सौंपे गए ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने बताया कि यार्ड रोड की हालत लंबे समय से खराब है। सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, जिससे यहाँ से गुजरने वाले व्यापारियों, रेल कर्मचारियों और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण दोपहिया वाहन चालक आए दिन दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। बारिश के दिनों में यह मार्ग किसी तालाब जैसा नजर आने लगता है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि इस मार्ग का केवल पेचवर्क न करते हुए इसका पूर्ण रूप से पुनर्निर्माण कराया जाए। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि रेलवे प्रशासन ने इस ओर जल्द ध्यान नहीं दिया, तो कांग्रेस पार्टी जनता के हितों के लिए सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करने को विवश होगी। इस अवसर पर राकेश चंदेले, पप्पू आठनेरे, शेख रमजान, चंद्रकांत बाहरे, अमल सरकार, मनीष सोनी, मयंक कालोसिया सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।










