इटारसी। मध्यप्रदेश मुस्लिम विकास परिषद ने जिले में चल रही संक्षिप्त पुनरीक्षण प्रक्रिया की समयावधि को बढ़ाने की मांग की है। परिषद के पदाधिकारियों ने जिला मुख्यालय नर्मदापुरम में अपर कलेक्टर राजीव रंजन पांडे से मुलाकात कर राज्य निर्वाचन आयोग के नाम एक निवेदन पत्र सौंपा।
परिषद के जिलाध्यक्ष मोहम्मद अथर खान ने बताया कि यह निवेदन प्रदेश के सभी जिलों में संबंधित अधिकारियों को पत्र सौंपकर किया जा रहा है। ज्ञापन में मुख्य रूप से यह कहा गया है कि वर्तमान में एसआईआर प्रक्रिया 4 नवंबर से 4 दिसंबर 2025 तक चल रही है। हालांकि, धरातल पर कई गंभीर समस्याएं सामने आ रही हैं।
पत्र में कहा गया है कि पोलिंग स्तर पर जिन बीएलओ को जिम्मेदारी दी गई है, वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन मुस्तैदी और गंभीरता से नहीं कर पा रहे हैं। निर्देशानुसार बीएलओ को मतदाता के घर जाकर न केवल फॉर्म उपलब्ध कराना है, बल्कि उसे भरने में सहायता भी करनी है, लेकिन धरातल पर ऐसा नहीं हो रहा है। अधिकतर बीएलओ मतदाताओं के घरों से अंजान हैं।
क्षेत्र में नियुक्त बीएलओ में बड़ी संख्या उन कर्मचारियों की है जिनकी आयु 50 वर्ष से अधिक है, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं, जो शारीरिक रूप से सभी घरों तक पहुंचने में असमर्थ हैं। परिषद के अनुसार, एक माह का यह समय, विशेषकर 4 दिसंबर की निकटता को देखते हुए, अति गंभीर कार्य के लिए अपर्याप्त है।
लाखों मतदाता हो सकते हैं वंचित
परिषद ने चिंता व्यक्त की है कि समय की कमी और बीएलओ की निष्क्रियता के कारण मतदाताओं का एक बहुत बड़ा तबका एसआईआर में अपना नाम जुड़वाने से वंचित हो सकता है। इनमें वे मतदाता भी शामिल हैं जो अब किसी और विधानसभा क्षेत्र में रहने लगे हैं और अपने पूर्व के स्थानों पर आकर बीएलओ को तलाश करने में परेशान हो रहे हैं।
मध्यप्रदेश मुस्लिम विकास परिषद ने अपर कलेक्टर के माध्यम से निवेदन किया है कि एसआईआर की समयावधि तुरंत बढ़ाई जाए। बीएलओ की जवाबदेही सुनिश्चित की जाए, ताकि मतदाताओं को वर्तमान सूची में अपना नाम जुड़वाने में आसानी हो सके। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला उपाध्यक्ष इमाम शाह, नर्मदापुरम नगर अध्यक्ष असलम भारतीय, इटारसी नगर अध्यक्ष शेख रमजान, नगर महासचिव शेख शकील, सह सचिव शेख इमरान और इमरान मिर्जा सहित परिषद के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।









