इटारसी। वार्ड 18 एवं आसपास के क्षेत्रों में बढ़ती शराबखोरी और असामाजिक गतिविधियों के विरोध में आज भारतीय जनता पार्टी नेता हन्नू बंजारा के नेतृत्व में वार्डवासियों ने नगर थाना इटारसी पहुंचकर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि वार्ड में कुछ असामाजिक तत्व प्रतिदिन भारत माता चौराहे के समीप एवं आस-पास के क्षेत्रों में शराब पीकर गाली-गलौज करते हैं और झगड़े करते हैं, जिससे मोहल्ले का वातावरण दूषित हो रहा है। महिलाओं, बच्चों और आम नागरिकों को रोजाना इस कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वार्ड की पार्षद श्रीमती मनीषा कौर हरविंदर (हन्नू) सिंह बंजारा ने कहा कि इन असामाजिक गतिविधियों के चलते क्षेत्र में भय का माहौल बन गया है। महिलाएं मंदिर जाने और बच्चे स्कूल-कोचिंग आने-जाने से डरते हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि ऐसे तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए स्थायी रूप से नियंत्रण किया जाए ताकि वार्ड में शांति और सुरक्षा बहाल हो सके। इस अवसर पर बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे जिन्होंने अपनी समस्या रखी और पुलिस से तत्काल कार्रवाई की अपेक्षा जताई।








