- भगवान बिरसा मुंडा महाविद्यालय सुखतवा में ‘मैं अकेला नहीं हूं’ विषय पर हुआ आयोजन
इटारसी। भगवान बिरसा मुंडा शासकीय महाविद्यालय सुखतवा में विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए महाविद्यालय डिस्ट्रिक्ट टॉस्क फोर्स ने मैं अकेला नहीं हूं विषय पर एक प्रेरणादायक परिचर्चा आयोजित की गई। प्राचार्य डॉ. नीता राजपूत के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को अकेलेपन और तनाव से बाहर निकालकर एक सुरक्षित वातावरण प्रदान करना था।
परिचर्चा के मुख्य बिंदु
- संस्था प्रमुख का आश्वासन : प्राचार्य डॉ. राजपूत ने विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा, आप स्वयं को अकेला न समझें, पूरा महाविद्यालय परिवार आपके साथ है। अपनी समस्याओं को बिना किसी संकोच के साझा करें।
- विशेषज्ञों की राय : डॉ. वेद प्रकाश भारद्वाज ने स्पष्ट किया कि अकेलापन मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, इसलिए समय पर मदद लेना आवश्यक है। वहीं श्रीमती संध्या उपाध्याय ने विद्यार्थियों को भावुक पलों में अपने अभिभावकों के बारे में सोचने की सलाह दी।
हेल्पलाइन की जानकारी : कार्यक्रम में सुश्री जोसलिन कुजूर ने शासन द्वारा जारी उमंग टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 14425 के बारे में विस्तार से बताया, ताकि विद्यार्थी जरूरत पडऩे पर विशेषज्ञ परामर्श ले सकें। कार्यक्रम का संचालन और आभार प्रदर्शन मेंटल हेल्थ क्लब प्रभारी डॉ. सौरभ तिवारी ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे, जिन्होंने इस सत्र को अपने मानसिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी बताया।









