इटारसी। बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 56 पांडूखेड़ी में बाल चौपाल का आयोजन किया। शासन के निर्देशानुसार हर महीने के चौथे मंगलवार को आयोजित होने वाले कार्यक्रम का मुख्य लक्ष्य समुदाय को आंगनवाड़ी से जोडऩा और कुपोषण मुक्त समाज की दिशा में काम करना है।
बाल चौपाल के दौरान केंद्र के तीन बच्चों वंश विश्वकर्मा, काव्यांश केवट और परिधि पटेल का जन्मदिन हर्षोल्लास से मनाया। इस अवसर पर बच्चों के स्वास्थ्य, स्वच्छता और पोषण के बारे में अभिभावकों को जागरूक किया। पर्यवेक्षक कंचन सदेले ने बताया कि बाल चौपाल के माध्यम से बच्चों को खेल-खेल में सीखने का बेहतर माहौल मिलता है, जो उनके प्रारंभिक बाल्यावस्था विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में एएनएम श्रीमती दीपमाला पटेल ने बच्चों के लिए केक भेंट किया। इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती वंदना परते, सहायिका श्रीमती कृष्णा उइके सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और हितग्राही उपस्थित रहे।









