इटारसी। शासकीय महात्मा गांधी स्मृति स्नातकोत्तर महाविद्यालय, इटारसी द्वारा उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों में कॉलेज चलो अभियान का वृहद आयोजन किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राकेश मेहता के मार्गदर्शन में गठित विभिन्न टीमों ने स्कूलों में पहुंचकर छात्र-छात्राओं को करियर और कॉलेज चयन के प्रति जागरूक किया।
विद्यार्थियों को किया जागरूक
अभियान के दौरान महाविद्यालय की टीमों ने स्कूलों में पहुंचकर आओ जानें महाविद्यालय, नई शिक्षा-नई दिशा और कैरियर काउंसलिंग जैसे सत्र आयोजित किए। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को शासन की विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं, छात्रवृत्ति और महाविद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया।
इन पाठ्यक्रमों और सुविधाओं पर रहा जोर
विद्यार्थियों को कॉलेज में संचालित स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर के कोर्सेज जैसे बीए, बीएससी, बीकॉम, एमए, एमएससी, एमकॉम, प्रोफेशनल कोर्स पीजीडीसीए और एईडीपी कोर्स, अन्य सुविधाएं अत्याधुनिक लैब, एनसीसी, एनएसएस और खेलकूद गतिविधियों की जानकारी दी गई।
क्षेत्र के प्रमुख स्कूलों में दी गई दस्तक
कॉलेज चलो अभियान प्रभारी डॉ. रश्मि तिवारी एवं विभिन्न दल प्रभारियों के नेतृत्व में प्रज्ञान स्कूल, मॉडर्न स्कूल सनखेड़ा, एक्सीलेंस स्कूल इटारसी, वर्धमान पब्लिक स्कूल, रेलवे स्कूल न्यू यार्ड, मेहरागांव स्कूल, अग्रवाल पब्लिक स्कूल, सूरजगंज कन्या शाला, पथरोटा स्कूल, पुरानी इटारसी कन्या शाला, टैगोर स्कूल, गुरु नानक स्कूल, सीएम राइज स्कूल और सनखेड़ा स्कूल के 12 वीं के विद्यार्थियों को जानकारी प्रदान की गई।
अभियान को सफल बनाने में डॉ. आशुतोष मालवीय, डॉ. मनीष चौरे, डॉ. दिनेश कुमार, डॉ. सुरेश गुप्ता, डॉ. बस्सा सत्यनारायण के नेतृत्व में डॉ. जिनेंद्र सिंह चौहान, कुमारी दुर्गेश यादव, भोजराज बनकर, रिचर्ड सिंह, भावना मालवीय सहित महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापकों और स्टाफ ने विभिन्न स्कूलों का भ्रमण कर फीडबैक एकत्र किया।








