इटारसी। शासकीय महात्मा गांधी स्मृति स्नातकोत्तर महाविद्यालय में संभाग स्तरीय सॉफ्टबॉल चयन प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इसमें भोपाल, नर्मदापुरम, हरदा और पिपरिया सहित संभाग के 13 प्रमुख महाविद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए प्राचार्य डॉ. राकेश मेहता ने कहा कि सॉफ्टबॉल जैसे खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व और आत्मविश्वास पैदा करते हैं। उन्होंने बताया कि यहाँ से चयनित खिलाड़ी अब विश्वविद्यालय स्तर पर बरकतउल्ला विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस अवसर पर जनभागीदारी अध्यक्ष डॉ. नीरज जैन ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता में चयनकर्ता के रूप में डॉ. रवि कौशिक, डॉ. सुमित सिंह, डॉ. धर्मेंद्र सिंह एवं डॉ. मेहराज अली मौजूद रहे। वहीं, अंतरराष्ट्रीय अंपायर अश्वनी मालवीय, लोकेश यादव और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी निधि तिवारी ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
क्रीड़ा अधिकारी संजीव कैथवास के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन डॉ. दिनेश कुमार ने किया। कार्यक्रम में डॉ. राहुल सराठे, डॉ. मुकेश बिष्ट, अनिल चौरे सहित महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।









