भोपाल। भारतीय रेल ने अपनी गति और क्षमता बढ़ाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। रेल मंत्रालय ने पश्चिम मध्य रेलवे के श्रीधाम-भदनपुर रेलखंड पर 1×25 केवी से उन्नत 2× 25 केवी कर्षण प्रणाली (ट्रैक्शन सिस्टम) के उन्नयन प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना पर लगभग 437.58 करोड़ रुपए की लागत आएगी और यह अगले तीन वर्षों में पूरी होगी।
मुख्य बातें
- उद्देश्य : मिशन 3000 मिलियन टन और मिशन रफ्तार के तहत ट्रेन की गति (अधिकतम 160 KMPH) बढ़ाना और ऊर्जा दक्षता में सुधार करना।
- लाभ : यह उन्नयन मुंबई-प्रयागराज ट्रंक रूट की क्षमता बढ़ाएगा, जिससे इस व्यस्त मार्ग पर अधिक गाडिय़ां तेज गति से चलाई जा सकेंगी।
- विस्तार : इस मंजूरी के साथ, पश्चिम मध्य रेलवे में इटारसी से मानिकपुर तक का सम्पूर्ण सेक्शन 2× 25 केवी ट्रैक्शन सिस्टम से लैस हो जाएगा।
केन्द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि यह अपग्रेड जबलपुर से कटनी सेक्शन की व्यस्तता को देखते हुए मुंबई-प्रयागराज मार्ग पर अधिक गाडिय़ां चलाने के लिए महत्वपूर्ण है। इस नई तकनीक से वोल्टेज ड्रॉप कम होगा और भारतीय रेल के विद्युतीकरण को मजबूती मिलेगी, जिससे भविष्य में माल ढुलाई और यात्री सेवाओं दोनों को लाभ मिलेगा।







