इटारसी। जिले में मूंग खरीदी चल रही है, लेकिन जो समितियां खरीदी कर रही हैं, उनके प्रबंधकों और सर्वेयरों की मनमानी प्रशासन के साथ ही सरकार पर भी भारी पड़ रही है। आलम यह है कि अब तो सत्ताधारी दल के विधायक को भी खरीद केन्द्रों पर हो रही मनमानी के खिलाफ किसानों के साथ सड़क पर बैठकर चक्काजाम करने की चेतावनी देनी पड़ रही है। विधायक की चेतावनी का असर रहा कि आज नीलम वेयर हाउस पर खरीद कर रही बाबई क्षेत्र की सांगाखेड़ा सोसायटी को मूंग खरीदी प्रारंभ करना पड़ी। दरअसल आज सुबह से लेकर दोपहर तक सर्वेयरों ने एक भी ट्राली वेयर हाउस के भीतर नहीं आने दी। मजबूरी में किसानों को चक्काजाम करना पड़ा। करीब दो घंटे चक्काजाम के बाद होशंगाबाद एसडीओ राजस्व फरहीन खान (SDO Revenue Farheen Khan) और जिला विपणन अधिकारी कल्याण सिंह ठाकुर नेशनल हाईवे 69 पर चक्काजाम कर रहे किसानों से मिलने पहुंचे। उन्होंने किसानों से बात की और फिर समितियां से बात करने वेयर हाउस के दफ्तर भी पहुंचे।
सोसायटियों के प्रबंधक और अफसरों की करीब आधा घंटे की वार्तालाप के बाद सोहागपुर विधायक विजयपाल (Sohagpur MLA Vijaypal), इटारसी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मदन सिंह रघुवंशी (Sub Divisional Officer Revenue Madan Singh Raghuvanshi), इटारसी टीआई रामस्नेही चौहान (Itarsi TI Ramsnehi Chauhan), बाबई तहसीलदार आलोक पारे (Babai Tehsildar Alok Pare) भी पहुंच गये। अधिकारियों ने विधायक विजयपाल को बातचीत का ब्यौरा दिया। इस बीच विधायक ठाकुर विजयपाल सिंह (MLA Thakur Vijaypal Singh) ने भी सोसायटी प्रबंधकों के अलावा सर्वेयरों से बातचीत की और खरीद नहीं करने का कारण पूछा। सर्वेयरों ने एफएक्यू मूंग नहीं होने का कहकर अपना पक्ष रखना चाहा और कहा कि जरा भी गड़बड़ी हुई तो नेफेड वाले नहीं लेते हैं। विधायक ने कहा कि नेफेड वालों को भी खरीद केन्द्र पर बिठाया जाना चाहिए।

बिना पैसे पास नहीं करते
बातचीत के दौरान न सिर्फ विधायक बल्कि बाबई तहसीलदार आलोक पारे का भी पारा चढ़ा हुआ था। उनका कहना था कि केवल पैसे के लिए किसानों को परेशान किया जा रहा है। पारे ने कहा कि हम दो दिन पूर्व ही इनको सारी प्रक्रिया समझाकर गये थे और कहा था कि किसानों का अनाज क्यों रिजेक्ट किया जा रहा है, इसको कारण सहित रजिस्टर में दर्ज किया जाए। सर्वेयर से जब पूछा कि रजिस्टर बनाया तो उसके पास जवाब नहीं था, वह पर्चियां और कुछ पेपर दिखाता रहा। विधायक विजयपाल सिंह ने भी कहा कि किसानों से पैसे की मांग पूरी कराने ही परेषान किया जा रहा है।
सामने निकलवाया तो निकला 4 प्रतिशत
सांगाखेड़ा सोसायटी के सर्वेयर प्रीतम सिंह ने एक दिन पूर्व ही पचास ट्राली में से चालीस ट्राली मूंग नाॅन एफएक्यू बताकर रिजेक्ट कर दी थी। इसीलिए किसानों का पारा चढ़ा और उन्होंने आज चक्काजाम कर दिया था। बाबई तहसीलदार आलोक पारे और सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह ने अपने सामने ही सेंपल से प्रतिशत निकलवाया। सर्वेयर ने रिपोर्ट में 6 प्रतिशत कचरा और टूटन बताकर जिस मूंग को रिजेक्ट किया था, उसे दोबारा जांच करायी तो वह चार प्रतिशत निकली। जब पूछा कि इसे किस आधार पर रिजेक्ट किया तो जवाब मिला अंदाज से 6 प्रतिशत मान लिया था।
विधायक ने कहा, मुझे धरने पर बैठना पड़ेगा

बातचीत के दौरान सर्वेयरों और प्रबंधक की मनमानी से नाराज विधायक विजयपाल सिंह ने मौके पर मौजूद अफसरों से साफ तौर पर कहा कि किसी भी सूरत में किसानों को इस तरह से नाॅन एफएक्यू के नाम पर परेशान नहीं किया जाए। अधिकारी व्यवस्था को सुधारें अन्यथा वे स्वयं भी किसानों के साथ सड़क पर बैठकर चक्काजाम करेंगे। उन्होंने कहा कि वे जब तक खरीदी प्रारंभ नहीं होती, यहां से जाएंगे नहीं, अपने सामने ही मूंग की खरीदी प्रारंभ कराएंगे। इसके बाद अधिकारियों ने तत्काल सांगाखेड़ा, पाटनी और गनेरा की सोसायटियों में किसानों से मूंग की खरीदी प्रारंभ करायी।
गड़बड़ी करने वालों पर एफआईआर हो
विधायक विजयपाल सिंह और बाबई तहसीलदार आलोक पारे ने कहा कि जो सर्वेयर गड़बड़ी कर रहे हैं, उनके खिलाफ एफआईआर करायी जानी चाहिए। सर्वेयर मनमानी कर रहे हैं, अधिकारियों के आदेशों का उल्लंघन हो रहा है। वे न तो रजिस्टर बनाकर रिकार्ड मेंटेन कर रहे हैं और ना ही खरीद कार्य में सहयोग कर रहे हैं। उनके द्वारा पैसे मांगने की शिकायते आ रही है। आज इटारसी थाने में एक एफआईआर दर्ज हुई है, आगे भी यदि सर्वेयर मनमानी करते हैं तो एफआईआर होना चाहिए। इस दौरान चर्चा में बात आयी कि समिति प्रबंधक और सर्वेयर की जिम्मेदारी तय होना चाहिए।

सर्वेयरों की अदला-बदली की गई
आज इटारसी थाने में पाटनी के प्रबंधक और सहायक प्रबंधक के खिलाफ मामला दर्ज होने और सर्वेयरों द्वारा खरीद में मनमानी करने की शिकायत के बाद विधायक विजयपाल काफी नाराज दिखे। उन्होंने कहा कि ऐसे सर्वेयरों को खरीद प्रक्रिया से अलग किया जाए। वे इस तरह की चीजें बर्दाश्त नहीं करेंगे। तत्काल डीएमओ ने नीलम और ज्योति वेयरहाउस में खरीद कर रही सोसायटी के सर्वेयरों को बदलने के आदेश दिये। बातचीत के दौरान नये आये सर्वेयर ने भी ज्ञान देना चाहता तो विधायक ने कहा कि काम करने के स्थान पर ज्ञान देने वाले सर्वेयर को भी हटाना जाए।
इनका कहना है….
सरकार किसानों के साथ है, सोसायटी और सर्वेयरों की मनमानी नहीं चलेगी, उन पर कार्रवाई होगी। किसान का एफएक्यू का माल तत्काल खरीदा जाएगा। जो माल रिजेक्ट किया था, वह हमने और अधिकारियों ने देखा है, उसमें खराबी नहीं थी। उसे खरीदा जाएगा। मैं किसानों के साथ हूं और यदि किसानों के लिए चक्काजाम भी करना पड़े तो करुंगा।
विजयपाल सिंह, विधायक सोहागपुर
यहां बाबई ब्लाक के करीब पचास गांव के किसान अपनी मूंग लेकर आये हैं। किसी की भी मूंग नहीं खरीदी और बिना वजह कैंसिल करके बाहर कर दिया है। हमारी मूंग एफएक्यू के मापदंड के अनुसार ही है। इसलिए हमने चक्काजाम किया था।
मोतीराम मीना, बाबई
तीन दिन से किसानों को परेशान किया जा रहा है। कोई ट्राली नहीं बिकी है, जबकि सबका माल एफएक्यू के मापदंड के अनुसार ही है। अनावष्यक रूप से परेशान किया जा रहा है, अधिकारियों को शिकायत कर चुके हैं, कोई सुनवाई नहीं हुई तो चक्काजाम करना पड़ा।
सुरेश पाल, किसान गनेरा
हमारा कहना है कि जितने भी किसान लाए, सबकी मूंग की क्वालिटी में कोई भी खराबी नहीं है। करीब पचास ट्राॅली मूंग को रिजेक्ट कर दिया गया है। यदि थोड़ी कमी है भी तो उसे नजरअंदाज किया जाना चाहिए, मूंग एफएक्यू से नीचे नहीं है।
मोहन गोलिया, ग्राम गोरा








