रितेश राठौर, केसला। आदिवासी विकासखंड केसला के ग्रामीणों के लिए रविवार का दिन राहत भरा रहा। ग्राम केसला में एक नि:शुल्क विशेषज्ञ परामर्श शिविर का आयोजन किया। शिविर के प्रति ग्रामीणों में इतना उत्साह था कि निर्धारित समय खत्म होने के बाद भी डॉक्टरों ने अतिरिक्त समय देकर मरीजों की जांच की। 5 घंटे तक चला सेवा का दौर शिविर का समय दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक तय किया गया था, लेकिन मरीजों की बढ़ती कतारों को देखते हुए इसे शाम 5 बजे तक बढ़ाया गया।
शिविर में केसला सहित आसपास के दर्जनों गांवों जैसे साधपुरा, छीतापुरा, कोहदा, डाड़ीवाड़ा, ताकू और मोरपानी से 300 से अधिक मरीज अपना उपचार कराने पहुंचे।
इन विशेषज्ञों ने दी सेवाएं
शिविर में इटारसी के जाने-माने विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं, इनमें डॉ. प्रणय चौबे जनरल सर्जन, डॉ. सचिन वर्मा त्वचा एवं बाल रोग विशेषज्ञ, डॉ. वंदना योना स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ, डॉ. गौरव चौबे दंत रोग विशेषज्ञ शामिल रहे।
जांच और दवाइयां भी मिलीं मुफ्त
परामर्श के साथ-साथ शिविर में मरीजों के लिए शुगर, ब्लड प्रेशर और रक्त संबंधी जरूरी जांचें भी पूरी तरह नि:शुल्क की गईं। साथ ही, डॉक्टरों द्वारा लिखी गई दवाइयां भी मौके पर मुफ्त वितरित की गईं। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र में इस तरह के आयोजनों से गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों को विशेषज्ञ डॉक्टरों तक पहुंचने का आसान अवसर मिलता है।









