इटारसी। नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने आज विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। सबसे पहले उन्होंने वार्ड क्रमांक 31 में पार्षद मनीषा अग्रवाल के साथ निर्माणाधीन सड़क का जायजा लिया। इस दौरान पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष नीलम गांधी भी मौजूद थीं। निरीक्षण के दौरान, नपाध्यक्ष ने मौके पर मौजूद मुक़द्दम को नाली की उचित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर ठेकेदार आशीष सोलंकी और इंजीनियर आदित्य पांडेय भी उपस्थित थे।
इसके बाद, नगरपालिका अध्यक्ष ने वार्ड क्रमांक 18 और 19 का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने बनने वाली सड़क और नाली के कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस निरीक्षण में उनके साथ पार्षद राहुल प्रधान, पार्षद प्रतिनिधि हन्नू बंजारा, इंजीनियर सोनिका अग्रवाल और ठेकेदार नवीन चौहान मौजूद थे।
निरीक्षण के दौरान, अध्यक्ष पंकज चौरे ने वार्ड में सड़क चौड़ीकरण की आवश्यकता महसूस करते हुए टेप से जगह नपवाकर काम करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में यातायात संबंधी कोई समस्या न हो। यह निरीक्षण नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने और विकास कार्यों में पारदर्शिता लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।









