इटारसी। नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने शहर की स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लेने के लिए आज सुबह 8 बजे आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्हें कई जगह अनियमितताएं मिलीं, जिस पर उन्होंने गहरी नाराजग़ी व्यक्त की। खाली गाड़ी पर जताई नाराजी अध्यक्ष चौरे ने पाया कि निर्धारित समय हो जाने के बावजूद भी कई स्थानों से कचरा संग्रहण (डोर-टू-डोर) नहीं किया गया था।
सबसे बड़ी खामी यह दिखी कि नगरपालिका की कुछ गाडिय़ां खाली ही सड़कों पर घूम रही थीं, जिससे स्पष्ट होता है कि वे अपना काम सही तरीके से नहीं कर रही थीं। इस लापरवाही पर अध्यक्ष ने संबंधित कर्मचारियों और अधिकारियों पर नाराजग़ी जताते हुए उन्हें तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
अधिकारियों को कड़ी चेतावनी अध्यक्ष पंकज चौरे ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि स्वच्छता कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कड़े आदेश दिए कि वे समय पर और नियमित रूप से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण सुनिश्चित कराएं, ताकि शहर में स्वच्छता व्यवस्था बनी रहे।








