इटारसी। नगर विकास कार्यों की गुणवत्ता और गति को जांचने के लिए नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने आज शहर के चार वार्डों का व्यापक निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न वार्डों में जारी पार्क, नाली और पेवर ब्लॉक निर्माण कार्यों का जायजा लिया और संबंधित ठेकेदारों को गुणवत्ता से समझौता न करने और समय पर कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत वार्ड 13 न्यास कॉलोनी से हुई, जहाँ उन्होंने पार्षद अमृता मनीष ठाकुर के साथ विधायक निधि से बन रहे दो पार्कों के निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा। उन्होंने वार्ड 06 के दक्षिण बंगिलया में पार्षद जिमी कैथवास के साथ नाली निर्माण कार्य देखा।
वार्ड 04 में पार्षद शिवकिशोर रावत के साथ नई नाली निर्माण कार्य का जायजा लेते हुए उन्होंने कार्य में तुरंत गति लाने के निर्देश दिए। वार्ड 19 में पार्षद राहुल प्रधान के साथ विधायक निधि से सड़क किनारे लगाए जा रहे पेवर ब्लॉक कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।









