इटारसी। नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने मंगलवार को वार्ड क्रमांक 2 में चल रहे सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने संबंधित ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप होना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि जनता के पैसों से हो रहे विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्माण स्थल पर सामग्री की गुणवत्ता, लेवलिंग एवं नालियों के निर्माण की स्थिति का भी जायज़ा लिया। उन्होंने ठेकेदार को निर्देशित किया कि कार्य समय पर पूर्ण हो और किसी प्रकार की तकनीकी खामी न रहे।
इस अवसर पर आशीष कुमार मालवीय, गौरव बड़कुर, हरिओम मालवीय, ऋषभ चौहान एवं सतीश पटेल शामिल थे। नगर पालिका अध्यक्ष ने यह भी स्पष्ट किया कि शहर में चल रहे अन्य विकास कार्यों की भी नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और जहां आवश्यक होगा, वहीं मौके पर जाकर निरीक्षण किया जाएगा।








