- सीसीटीवी फुटेज पर टिकी हैं अब पुलिस की उम्मीदें
- अब तक की जांच में लगा, बाहर के हो सकते हैं आरोपी
इटारसी। शहर के न्यूयार्ड क्षेत्र स्थित तीन पुलिया, नागपुर आउटर के पास मंगलवार को हुई 18 वर्षीय युवती की हत्या के मामले में पुलिस के हाथ अभी भी खाली हैं। घटना के 14 घंटे से अधिक बीत जाने के बाद भी मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस प्रशासन इस अंधी हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए तकनीकी साक्ष्यों और बाहरी कडिय़ों को जोडऩे में जुटा है।
बाहरी आरोपी और ट्रेन से पहुंचने की आशंका
पुलिस की जांच अब दो मुख्य बिंदुओं पर केंद्रित है। थाना प्रभारी गौरव सिंह बुंदेला के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह प्रतीत हो रहा है कि आरोपी शहर के बाहर के हो सकते हैं। पुलिस को संदेह है कि युवती किसी परिचित के साथ ट्रेन के जरिए इटारसी स्टेशन पहुंची होगी और वहां से आउटर की ओर ले जाकर इस वारदात को अंजाम दिया गया।
जांच में बाधा : बंद मिले सीसीटीवी कैमरे
पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों का बंद होना रही। रात के समय कैमरे बंद होने के कारण वारदात का लाइव फुटेज नहीं मिल सका है। अब पुलिस की विशेष टीमें रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और मुख्य मार्गों पर लगे कैमरों को खंगाल रही हैं, ताकि युवती के साथ मौजूद संदिग्ध की पहचान की जा सके।
फॉरेंसिक और डॉग स्क्वॉड ने संभाला मोर्चा
- साक्ष्य संकलन : फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कुछ अहम फिंगरप्रिंट्स और जैविक साक्ष्य जुटाए हैं।
- सर्च ऑपरेशन : डॉग स्क्वॉड ने आसपास के झाडिय़ों और रेलवे ट्रैक के किनारे लंबी दूरी तक सर्चिंग की, हालांकि अभी कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।
दहशत का माहौल, पीएम रिपोर्ट का इंतजार
तीन पुलिया जैसे व्यस्त रेल मार्ग के पास हुई इस क्रूर हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने युवती के शव को शिनाख्त के लिए सुरक्षित रखवाया है। एसपी थोटा का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारण और हत्या के तरीके की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी। टीआई गौरव बुंदेला ने शहरवासियों और आसपास के जिलों के थानों से अपील की है कि यदि कोई युवती लापता है या उसकी पहचान के बारे में कोई जानकारी हो, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।








