लोक अदालत में निबटे कई मामले
इटारसी। शनिवार को लगी लोक अदालत (Lok Adalat) में नगर पालिका (Nagar Palika Itarsi) को 17 लाख रुपए के बकाया राशि की वसूली मिली तो बिजली विभाग को सवा दस लाख रुपए की प्राप्ति हुई है। बिजली कंपनी के 850 में से 126 प्रकरण निबटे हैं तो नगर पालिका के 7 सौ में से 210 प्रकरण निबटे हैं।
मप्र राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देश के पालनार्थ जिला न्यायधीश और समिति के अध्यक्ष चंद्रेश खरे के निर्देश अनुसार तहसील विधिक सेवा समिति के तत्वावधान में व्यवहार न्यायालय, इटारसी में लगी लोक अदालत में राजीनामा योग्य दांडिक प्रकरण, पराक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 के प्रकरण, बैंक रिकव्हरी के मामले, मोटर दुर्घटना क्षतिपूर्ति दावा प्रकरण, वैवाहिक प्रकरण एवं विद्युत चोरी के शमनीय प्रकरण तथा राजीनामा योग् प्रकरण के अलावा प्रीलिटिगेशन प्रकरण सहित कुल 199 प्रकरण निराकरण के लिए विचारार्थ रखे गये थे। इसमें से 61 प्रकरणों का निराकरण किया गया और समझौता राशि 825,9417 रुपए पर अवार्ड/डिक्री/मुआवजा के आदेश पारित किये गये। प्रीलिटिगेशन के 136 प्रकरण विचाराधीन रखे गये थे जिसमें से 322 प्रकरणों का निराकरण हुआ और 1511430 रुपए की राशि पर समझौते हुए।

नपा और बिजली कंपनी को मिली राशि
नगर पालिका को कुल 16,34,744रुपए की प्राप्ति हुई है। इसमें संपत्ति कर के लगभग 10 लाख रुपए, जलकर के 3 लाख और दुकान किराया के 4 लाख रुपए हैं। नगर पालिका की ओर से लोक अदालत के लिए सात सौ नोटिस बांटे गये थे। इसमें से करीब 210 का निराकरण हुआ है। इसी तरह से बिजली कंपनी ने करीब 850 नोटिस दिये थे। इसमें से 126 का निराकरण किया गया। कंपनी के शहर प्रबंधक डेलन पटेल (Delan Patel) ने बताया कि 10 लाख 24 हजार रुपए की प्राप्ति हुई है।










