इटारसी। नार्मदीय ब्राह्मण समाज की आराध्य देवी, मोक्षदायिनी मां नर्मदा का जन्म महोत्सव इस वर्ष इटारसी में अत्यंत धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। महोत्सव की तैयारियों को लेकर श्री दुर्गा नवग्रह मंदिर, लकडग़ंज में समाज की बैठक में आयोजन की रूपरेखा तय की गई।
धार्मिक अनुष्ठानों से होगी शुरुआत
समाज के अध्यक्ष मनमोहन पगारे की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि 25 जनवरी को नर्मदा जयंती के अवसर पर प्रात: 10 बजे से धार्मिक कार्यक्रम प्रारंभ होंगे। मंदिर परिसर में स्थित मां नर्मदा की प्रतिमा का विशेष अभिषेक और पूजन-अर्चन किया जाएगा। इस दौरान श्री नर्मदा अष्टक का सामूहिक पाठ , श्री विष्णु सहस्त्रनाम के पाठ के साथ विश्व कल्याण की कामना की जाएगी, मध्याह्न में महाआरती के पश्चात प्रसाद वितरण किया जाएगा।
बुजुर्गों का सम्मान और सामाजिक समागम
धार्मिक कार्यक्रमों के उपरांत दोपहर 2 बजे से एक समारोह में 22 वृद्ध महिला एवं पुरुषों का सम्मान करना रहेगा। समाज के वरिष्ठों के आशीर्वाद और उनके योगदान को रेखांकित करने के लिए यह पहल की जा रही है। आयोजन में नर्मदापुरम और सिवनी मालवा इकाई के पदाधिकारियों को भी आमंत्रित किया गया है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. सीतासरन शर्मा विधायक एवं दर्शन सिंह चौधरी सांसद, विशेष अतिथि पंकज चौरे नगर पालिका अध्यक्ष एवं आनंद पार चार्टर्ड अकाउंटेंट व रियल स्टेट कारोबारी मौजूद रहेंगे। बैठक में राजेंद्र पाराशर, प्रमोद पगारे, सुरेंद्र साकल्ले, आरके पारे, रमेश नारायण पगारे, सीपी पाराशर, कमलेश पगारे, बीके मुदगिल, सुधीर पगारे, एनएन दफ्तरी, राजेंद्र शर्मा, सुशील शर्मा, हर्ष चौरे और विकास पगारे सहित समाज के अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित थे।









