इटारसी। पंकज गोयल की स्मृति में फाइटर फुटबॉल क्लब एवं जिला फुटबॉल संघ द्वारा आयोजित ‘ऑल इंडिया फुटबॉल नर्मदापुरम गोल्ड कप’ अपने रोमांचक पड़ाव पर पहुँच गया है। श्रीमंत राजमाता विजयाराजे सिंधिया खेल प्रशाल मैदान पर खेले गए दोनों सेमीफाइनल मुकाबलों का फैसला पेनल्टी शूटआउट के जरिए हुआ।
रोमांचक रहे सेमीफाइनल मुकाबले
पहला सेमीफाइनल: मेजबान फाइटर फुटबॉल क्लब इटारसी और बिल्डअप रायसेन के बीच खेला गया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर रहीं। अंततः पेनल्टी शूटआउट में बिल्डअप रायसेन ने 5-4 से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई।
दूसरा सेमीफाइनल: पुलिस बॉयज बालाघाट बनाम डायमंड रॉक बालाघाट के बीच हुआ। इस संघर्षपूर्ण मैच में भी स्कोर 1-1 की बराबरी पर रहा। पेनल्टी शूटआउट में पुलिस बॉयज बालाघाट ने 5-4 से बाजी मारकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया।
अतिथियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
मैच के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद माया नारोलिया, संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष दीपक हरिनारायण अग्रवाल, विष्णु शंकर पाण्डेय, प्रसन्ना हर्णे, निपुण गोठी सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।
फाइटर फुटबॉल क्लब के अध्यक्ष सत्यम अग्रवाल और कोच भागवत सिंह राजपूत ने बताया कि टूर्नामेंट में अनुशासन और खेल भावना का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। मैच में रेफरी की भूमिका तोसीब खान, आर्यन सिसोदिया और अनजल सिंह ठाकुर ने निभाई।









