नर्मदापुरम। पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम को स्थानीय सिकलीगर एवं बालागंज मोहल्ले में अवैध शराब के निर्माण और परिवहन से संबंधित मारपीट और अव्यवस्था की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए, पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी कोतवाली को प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। आज प्रात: 05:30 बजे, थाना प्रभारी कोतवाली और थाना प्रभारी देहात नर्मदापुरम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए अलग-अलग टीमें बनाईं।
टीमों ने सिकलीगर मोहल्ला, नर्मदापुरम में दबिश देकर कुल 450 लीटर लाहन नष्ट किया। आरोपी वेनू सिंह पिता रूप सिंह सिकलीगर और चरण सिंह पिता पूरन सिंह सिकलीगर के कब्जे से पृथक-पृथक 25-25 लीटर हाथ भट्टी की बनी अवैध कच्ची महुआ शराब कुल कीमत 5000 रुपए की जब्त की गई। मोहल्ले से तीन मोटरसाइकिलें जिनके दस्तावेज नहीं थे, उन्हें जब्त कर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
बालागंज क्षेत्र में पुलिस टीम ने बालागंज क्षेत्र में भी आरोपी रितिका पति स्व. विवेक चौहान के कब्जे से 48 केन बीयर, कुल 24 लीटर, कीमत 4800 रुपए जब्त की। आरोपी अंजली पिता स्युराज ठाकुर उम्र 20 वर्ष के कब्जे से 36 केन बीयर, कुल 18 लीटर, कीमत 3600 जब्त की। पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन के निर्देशन और अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) जितेन्द्र पाठक के पर्यवेक्षण में हुई कार्रवाई में 02 थाना प्रभारी, 05 उपनिरीक्षक सहित थाना कोतवाली, देहात और रक्षित केंद्र के कुल 45 पुलिसकर्मी शामिल थे।









