इटारसी। कुपोषण के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 23 सितंबर, 2025 को परियोजना कार्यालय, इटारसी में राष्ट्रीय पोषण माह का आयोजन किया। कार्यक्रम में महिलाओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और स्वयं सहायता समूहों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
पौष्टिक व्यंजनों की प्रदर्शनी और शपथ
कार्यक्रम की मुख्य विशेषता पौष्टिक व्यंजनों की प्रदर्शनी थी, जिसमें मोटे अनाज, हरी पत्तेदार सब्जियां और पारंपरिक रेसिपी से बने स्वादिष्ट व्यंजन शामिल थे। ‘लोकल फॉर वोकल’ थीम पर आधारित इस प्रदर्शनी का उद्देश्य स्थानीय अनाजों के उपयोग को बढ़ावा देना था। उपस्थित सभी लोगों ने कम नमक, तेल और चीनी वाले स्वस्थ व्यंजनों को अपनाने की शपथ ली।
गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति
इस आयोजन में वार्ड नंबर 1 के पार्षद दिलीप गोस्वामी और वार्ड नंबर 6 के पार्षद जिमी कैथवास विशेष अतिथि के रूप में मौजूद थे। उन्होंने स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए संतुलित आहार के महत्व पर जोर दिया।
महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम ने कार्यक्रम का सफल संचालन किया। इसमें परियोजना अधिकारी श्रीमती दीप्ति शुक्ला, पर्यवेक्षक अर्चना वस्त्रवार, श्रीमती रेखा चौरे, श्रीमती मीना गांठले, श्रीमती राखी मौर्य और पोषण अभियान समन्वयक हिना खान ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी प्रतिभागियों ने कुपोषण मुक्त भारत के सपने को साकार करने का संकल्प लिया।









