इटारसी। शासकीय महात्मा गांधी स्मृति स्नातकोत्तर महाविद्यालय इटारसी की एनसीसी इकाई (13 एमपी बटालियन, नर्मदापुरम) के कैडेट्स ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए स्पेशल नेशनल इंटीग्रेशन कैंप में भाग लिया। यह राष्ट्रीय स्तर का कैंप मेघालय में 31 अक्टूबर 2025 से 11 नवंबर 2025 तक आयोजित किया गया था।
मेघालय पहुंचे कैडेट्स
महाविद्यालय से कुल तीन कैडेट्स इस राष्ट्रीय कैंप में शामिल हुए इनमें एसडब्लयू यूनिट (महिला)अंडर ऑफिसर खुशी वर्मा और अंडर ऑफिसर सुनयना पवार। एसडी यूनिट (पुरुष) कैडेट नितिन तारे शामिल हैं। इस कैंप का मुख्य उद्देश्य देश के विभिन्न राज्यों से आए युवा कैडेटों को एक मंच पर लाना है, ताकि वे एक-दूसरे की संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक विविधताओं को समझ सकें और राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को मजबूत कर सकें। कैंप के दौरान कैडेटों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल प्रतियोगिताओं और सैन्य प्रशिक्षण संबंधी गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लिया।
खुशी वर्मा ने बढ़ाया मान
इन कैडेट्स की उपलब्धि में एक और गौरव की बात जुड़ी है। अंडर ऑफिसर खुशी वर्मा ने TSC (Launch) रायपुर के IGC-3 में मैप रीडिंग विषय में महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया है, जो संस्थान के लिए अत्यंत गौरव का विषय है। महाविद्यालय प्रबंधन ने दी शुभकामनाएं महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. राकेश मेहता ने कैडेटों को उच्च मनोबल के साथ कैंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
एनसीसी अधिकारी डॉ. मनीष कुमार चौरे, एनएसएस अधिकारी डॉ. आशुतोष मालवीय, और डॉक्टर दिनेश कुमार ने भी कैडेटों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया। महाविद्यालय के जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष डॉ. नीरज जैन ने कैडेटों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया और कहा कि उन्होंने राष्ट्रीय मंच पर महाविद्यालय और जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने सभी कैडेट्स को बधाई दी।








