सिवनी मालवा। पूर्वी मध्य प्रदेश माहेश्वरी महिला संगठन द्वारा समाज सेवा और संगठन के प्रति उत्कृष्ट योगदान के लिए सिवनी मालवा की दो महिला पदाधिकारियों को सम्मानित किया है। यह सम्मान समारोह हाल ही में नवीन माहेश्वरी भवन, पिपरिया में आयोजित प्रदेश स्तरीय बैठक के दौरान संपन्न हुआ।
इन पदाधिकारियों को मिला सम्मान
समारोह में सिवनी मालवा माहेश्वरी महिला मंडल की अध्यक्ष नीरू राठी को उनकी सक्रियता के लिए श्रेष्ठ कार्यकर्ता के रूप में अलंकृत किया गया। वहीं, जिला संचारिका सुनीता सारडा को उनके समर्पण के लिए अति सर्वश्रेष्ठ कार्यकर्ता के सम्मान से नवाजा गया।
संगठन की प्रादेशिक टीम ने किया उत्साहवर्धन
यह सम्मान पूर्वी मध्य प्रदेश माहेश्वरी महिला संगठन की अध्यक्ष रंजना बाहेती एवं सचिव राजश्री राठी ने प्रदान किया। संगठन की ओर से बताया कि यह सम्मान इन पदाधिकारियों की समाज सेवा के क्षेत्र में किए निस्वार्थ समर्पण, उत्कृष्ट योगदान और महिला संगठन को मजबूती प्रदान करने वाले प्रेरणादायी सहयोग के लिए दिया है।
सिवनी मालवा की दो सक्रिय सदस्यों को प्रादेशिक स्तर पर मिले इस सम्मान से स्थानीय माहेश्वरी महिला मंडल में हर्ष का माहौल है। मंडल की अन्य महिलाओं और समाजसेवियों ने नीरू राठी और सुनीता सारडा को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।









