भाजपा नेताओं ने देखी व्यवस्थाएं, जल्द प्रारंभ होने की उम्मीद
इटारसी। बढ़ते कोरोना के मरीज और बिस्तरों की कमी के बीच एक राहत देने वाली खबर है कि जल्द ही पवारखेड़ा में फिर से कोविड केयर सेंटर (Covid Care Center) प्रारंभ होने वाला है। इसकी तैयारी प्रारंभ हो गयी है। पवारखेड़ा के कन्या छात्रावास (Girls Hostel, Pawarkheda) में एक या दो दिन में कोविड केयर सेंटर प्रारंभ होने की संभावना है। विधायक की पहल पर प्रारंभ हो रहे इस सीसीसी में आज व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने वरिष्ठ भाजपा नेता जगदीश मालवीय, कल्पेश अग्रवाल, सांसद प्रतिनिधि राजा तिवारी, जयकिशोर चौधरी और गोपाल शर्मा पहुंचे। शहर में तेजी से बढ़ रहे कोरोना मरीजों को देखते हुए विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा (MLA Dr. Sitasaran Sharma) ने क्षेत्र में नए अधिक पलंग क्षमता वाले कोविड केयर सेंटर बनाने की जरूरत बताई है। इसके लिए पवारखेड़ा में नवनिर्मित कन्या छात्रावास को फिर से कोविड केयर सेंटर बनाने की कार्यवाही प्रारंभ हो गयी है। यहां पलंग लगाये जा चुके हैं और अन्य व्यवस्थाएं जुटायी जा रही हैं। माना जा रहा है कि एक या दो दिन में यहां नया सीसीसी प्रारंभ हो जाएगा।
अभी 50 सीटर रहेगा सीसीसी
पवारखेड़ा में बन रहा कोविड केयर सेंटर अभी 50 बिस्तरों से प्रारंभ होगा। जरूरत के अनुसार इसके बिस्तर और बढ़ाये जा सकते हैं। पिछले वर्ष यहां 80 बिस्तरों की व्यवस्था थी। इसके अलावा यहां मरीज के परिजनों को रोकने के लिए अलग से क्वारंटीन सेंटर की व्यवस्था की गई थी। उनके मनोरंजन के लिए कैरम, शतरंग, कॉमिक्स आदि की व्यवस्था भी की गई थी।
एक नया रास्ता बनाया गया है
पिछले वर्ष जब यहां कोविड केयर सेंटर बनाया था, तब यहां छात्रावास निर्माणाधीन था। अब इसका उद्घाटन हो गया है। जहां छात्राएं रहती हैं, उससे काफी दूर यह कोविड केयर सेंटर है और यहां जाने के लिए एक नया रास्ता तैयार किया है ताकि कोई भी वाहन छात्रावास के आसपास से न गुजरे। नवोदय की तरफ से जेसीबी की मदद से एक रास्ता तैयार किया जा रहा है।
शासन से मिले हैं दो करोड़ रुपए
जिले में कोविड की व्यवस्थाओं के लिए राज्य शासन से संभाग के होशंगाबाद, बैतूल और हरदा जिलों के लिए दो-दो करोड़ रुपए मिले हैं। बताया जाता है कि इस राशि से ही नये कोविड केयर सेंटर होशंगाबाद और पवारखेड़ा में बिस्तर, पलंग सहित अन्य व्यवस्थाएं की जा रही हैं। पवाखेड़ा कोविड केयर सेंटर में भर्ती मरीजों को चाय-नाश्ता भोजन की व्यवस्था भी रहेगी।
इनका कहना है….
कोरोना के तेजी से बढ़ते संक्रमण को देखते हुए वर्तमान में अस्पतालों के अलावा भी व्यवस्थाओं की जरूरत है। राज्य शासन से नये कोविड सेंटर की मांग की गई थी, राशि मिल चुकी है, होशंगाबाद में कोविड केयर सेंटर बन चुका है, जल्द ही पवारखेड़ा में भी नया सीसीसी प्रारंभ हो जाएगा।
डॉ.सीतासरन शर्मा (Dr. Sitasaran Sharma, MLA)
होशंगाबाद के छात्रावास में एक कोविड केयर सेंटर बन चुका है। एक नया सीसीसी पवारखेड़ा में तैयार किया जा रहा है। अभी व्यवस्थाएं कर रहे हैं, बहुत जल्द वहां 50 बिस्तरों का कोविड केयर सेंटर प्रारंभ कर दिया जाएगा।
डॉ.दिनेश कौशल (Dr. Dinesh Kaushal, CMHO)









