इटारसी। कला और संस्कृति के प्रचार-प्रसार हेतु समर्पित संस्था स्पीक मैके इटारसी इकाई ने ओडिसी नृत्य की एक कार्यशाला मेें प्रख्यात ओडिसी नृत्यांगना लावण्या घोष ने विद्यार्थियों के बीच भारतीय शास्त्रीय नृत्य की अमिट छाप छोड़ी। उनकी प्रस्तुतियों और शिक्षण शैली ने बच्चों को सम्मोहित कर दिया।
आज स्प्रिंगडेल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल एवं ग्रीन मॉन्टेसरी स्कूल खेड़ा में आयोजित कार्यशाला में लावण्या घोष ने ओडिसी नृत्य की बारीकियों से छात्रों को रूबरू कराया। उन्होंने भूमि प्रणाम, विभिन्न हस्त मुद्राएं, अभिनय के माध्यम से कृष्णलीला आदि मुद्राओं के माध्यम से बच्चों को प्रशिक्षित किया। कार्यशाला में विद्यार्थियों ने न केवल प्रदर्शन देखा, बल्कि स्वयं भी उत्साहपूर्वक मुद्राओं का अभ्यास किया।
स्प्रिंगडेल्स की प्राचार्य श्रीमती मोना चटर्जी ने नृत्यांगना लावण्या घोष एवं कलकत्ता समन्वयक सुनील बाजपेई का स्वागत किया। वहीं, ग्रीन मॉन्टेसरी स्कूल खेड़ा के संचालक रितेश शर्मा ने कलाकारों का स्वागत कर उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किए। लावण्या घोष इससे पूर्व जीनियस प्लानेट स्कूल, केंद्रीय विद्यालय ऑर्डिनेंस फैक्ट्री और आनंद पब्लिक स्कूल में सफल प्रस्तुतियां दे चुकी हैं। आगामी दिनों में सरस्वती हाई स्कूल, महावीर स्कूल, बिरसा मुंडा महाविद्यालय, सुखतवा में भी ओडिसी नृत्य की प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी।









