इटारसी। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि नगरपालिका अध्यक्ष कार्यालय में मनाई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके त्याग और बलिदान को याद किया।
इस दौरान भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के अध्यक्ष जयकिशोर चौधरी ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और आदिवासी समाज के अधिकारों, स्वाभिमान और स्वतंत्रता के लिए उनके संघर्ष पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा का जीवन हमें संघर्ष, साहस और समर्पण की सीख देता है और उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
बता दें कि बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को हुआ था और 9 जून 1900 को रांची जेल में उनका निधन हो गया था। उन्हें ‘धरती आबा’ और ‘भगवान’ (ईश्वर के दूत) के नाम से भी जाना जाता है। उन्होंने ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ ‘उलगुलान’ (क्रांति) का नेतृत्व किया था और आदिवासी समाज के जल-जंगल-जमीन के अधिकारों के लिए संघर्ष किया था।
पुण्य तिथि के अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे, भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला अध्यक्ष जय किशोर चौधरी, आदिवासी समाज युवा नेता राहुल प्रधान, भाजपा मंडल अध्यक्ष इटारसी राहुल चौरे, पुरानी इटारसी मंडल अध्यक्ष मयंक मेहतो सहित अन्य मौजूद थे।









