इटारसी। नर्मदापुरम कलेक्टर सोनिया मीना के निर्देशानुसार जिले में चलाए जा रहे विशेष नवाचार कार्यक्रम के तहत विभिन्न संस्थाओं (आंगनवाड़ी, स्कूल, छात्रावास) के निरीक्षण की कड़ी में आज अनुसूचित जाति सीनियर बालक छात्रावास, इटारसी (पीपल मोहल्ला) का भी निरीक्षण किया गया।
इस दौरान, निरीक्षण एवं पोषण स्तर से देवरी विभाग नर्मदापुरम के सिविल सर्जन डॉ शैलेन्द्र नेमा एवं उनकी टीम ने छात्रावास का निरीक्षण किया। डॉ. नेमा ने छात्रावास की गतिविधियों एवं शैक्षणिक वातावरण को छात्र हित में सर्वोत्तम करने हेतु आवश्यक सुझाव दिए और छात्रावास परिवार की प्रशंसा की।
मेधावी छात्र सम्मानित और मार्गदर्शित
निरीक्षण के दौरान, छात्रावास के उन मेधावी बच्चों को ट्रॉफी, मेडल व प्रमाण-पत्रों से सम्मानित किया, जिन्होंने शैक्षणिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। विशेष रूप से, छात्रावास के छात्र पीयूष कटारिया (राष्ट्रीय राइफल शूटिंग प्रतियोगिता में विजेता) और अंकित अहिरवार एवं पवन लतीफकर (जिन्होंने वर्ष 2024 की बोर्ड परीक्षाओं में 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए) को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही, उन्हें उच्च शिक्षा एवं बेहतर भविष्य के लिए मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।
सीधी बात, सीधे समाधान
शैक्षणिक संवाद के दौरान, छात्रों से कहा गया कि उन्हें किसी भी प्रकार की शैक्षणिक सामग्री की आवश्यकता होने पर वे सीधे अधीक्षक या संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें, जिसका समाधान तत्काल किया जाएगा। इस कार्यक्रम के संयोजन में छात्रावास अधीक्षक नीरज सोनी केवड़ा तथा डॉ शैलेन्द्र नेमा का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिसके लिए छात्रावास परिवार ने उनका आभार व्यक्त किया।








