इटारसी। स्थानीय एमजीएम कॉलेज के सात दिवसीय विशेष एनएसएस शिविर के छठे दिन शनिवार को स्वयंसेविकाओं ने विविध गतिविधियों में हिस्सा लिया। दिन की शुरुआत प्रभात फेरी, योग और ‘वंदे मातरम’ रैली से हुई, जिसके माध्यम से ग्रामीणों को देशप्रेम का संदेश दिया गया।
शिविर में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में छात्राओं और ग्रामीणों का परीक्षण किया गया। प्राचार्य डॉ. राकेश मेहता की अध्यक्षता में आयोजित बौद्धिक सत्र में डॉ. एकता मालोनिया ने ‘भारतीय ज्ञान परंपरा’ और मधुर पागे ने ‘एसआईआर’ विषय पर व्याख्यान दिया। डॉ. लक्ष्मी ठाकुर ने सामान्य चर्चा की, वहीं डॉ. राजेश हरियाल ने छात्राओं को अनुशासन के महत्व से अवगत कराया। दोपहर के सत्र में पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता और फार्मिंग प्रोजेक्ट के माध्यम से छात्राओं ने अपनी प्रतिभा दिखाई। इस दौरान खेलकूद गतिविधियों का भी आयोजन किया गया।









