इटारसी। वन विभाग की टीम ने आज अवैध वन्यजीव उत्पाद और बेशकीमती लकड़ी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुरानी इटारसी सनखेड़ा नाका सड़क के पास नीतेश पटेल के मकान में दबिश देकर की गई। इसमें रजत नामक एक अन्य भी शामिल है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, वन विभाग की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक मकान में बड़ी मात्रा में सागौन की चरपट (लकड़ी के टुकड़े) अवैध रूप से रखी हुई है। सूचना के आधार पर टीम ने मकान में दबिश दी। मौके पर तलाशी के दौरान टीम को करीब 25 सागौन की चरपट बरामद हुई। जब टीम ने मकान में गहन तलाशी ली, तो उन्हें एक बोरी में छिपाकर रखे गए सांभर के चार सींग भी मिले, जो वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत अवैध हैं।
वन विभाग की टीम ने सभी जब्त सामग्री को कब्जे में ले लिया है और आरोपी को गिरफ्तार करके वन नाका बाघदेव लाया गया है। वन विभाग की टीम आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम और वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने की आवश्यक कानूनी कार्यवाही कर रही है। यह कार्रवाई क्षेत्र में अवैध लकड़ी कटाई और वन्यजीव तस्करी पर लगाम लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।








