इटारसी। होशंगाबाद संभाग (Hoshangabad Division) के जिलों में कहीं-कहीं आगामी दो दिन तीव्र शीतलहर (cold wave) की चपेट में आने वाले हैं और अनेक स्थानों पर शीतलहर चलने की संभावना है। मप्र के भोपाल, होशंगाबाद, इंदौर, उज्जैन, रीवा, शहडोल, सागर, जबलपुर, ग्वालियर एवं चंबल संभागों के जिलों में यह स्थिति बनेगी। इसी तरह से रीवा संभाग के जिलों में भा जबलपुर, बालाघाट सिवनी, नरसिंहपुर, मंडला, बैतूल, रायसेन, सीहोर, इंदौर, धार, उज्जैन, शाजापुर एवं दतिया जिलों में भी कहीं-कहीं शीतलहर और शीतल दिन रहने की संभावना है। रीवा, उमरिया, छतरपुर, टीकमगढ़, मंडला, बालाघाट, सीहोर, भोपाल, रायसेन, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलॉ, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया जिलों में कहीं-कहीं पाला पडऩे की संभावना है। उपरोक्त सभी जिलों में मौसम विभाग (weather department )ने ठंड का आरेंज अलर्ट (orange alert) जारी किया है।
तीन वर्ष बाद इतना नीचे आया पारा
पारे में गिरावट दर्ज की गई है और पारा नीचे गिरने से मौसम में काफी ठंडक आ गयी है। सबसे कम तापमान पचमढ़ी (Pachmarhi) में दर्ज किया गया है और तीन वर्ष बाद ऐसा मौका आया है जब जब पचमढ़ी का तापमान इतना कम हुआ है। इससे पहले पचमढ़ी में सबसे कम तापमान 2018 में रहा -2.0 सेल्सियस रहा था। ठंड का आलम यह था कि पचमढ़ी में घास पर ओस की बूंदें जम गयी थीं और पारा शून्य से भी नीचे जा पहुंचा है। वैसे तो ठंड ने संपूर्ण नर्मदांचल को कंपकंपा दिया है। सुबह छह बजे इटारसी में पारा 6 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग द्वारा सुबह 8:30 बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार होशंगाबाद में न्यूनतम तापमान 7.3 था। पचमढ़ी -0.5 और बैतूल में 04.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
पचमढ़ी दिसंबर का तापमान
सन्- तिथि – मिनिमम तापमान
2011 – 29- 2.9
2012 – 27- 0.4
2013 – 7 – 1.4
2014 – 29 -1.5
2015 – 28 4.5
2017 – 27 2
2018 – 30 -2
2019 – 28/29 1.2
2020 – 12,22,23,24 3
2021 – 20 -0.5
पचमढ़ी में ओस जम गयी है। पारा लगातार नीचे जा रहा है। शनिवार को होशंगाबाद में न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री था जो रविवार को करीब चार डिग्री नीचे गिरकर 8.8 हो गया और सोमवार को यह और नीचे 7.3 हो गया। इस तरह से नर्मदांचल में लगातार पारा नीचे जा रहा है और अब लोगों को गलन का अहसास होने लगा है।
ठंड से बचने के लिए लोगों ने अब गर्म कपड़ों के साथ ही आग का सहारा भी लेना प्रारंभ कर दिया है। रात में जल्दी रजाई में जाने वाले सुबह भी देर तक रजाई में दुबके रहते हैं। ड्यूटी टाइम वाले स्वयं को अच्छी तरह से गर्म कपड़ों में बचाकर ही निकल रहे हैं। सुबह की धूप से लोगों ने दोस्ती कर ली है और ज्यादातर वक्त बाहर धूप में ही गुजार रहे हैं। दिन के वक्त धूप निकलने पर पारा 22 डिग्री तक जाने की उम्मीद है। सुबह 9 बजे इटारसी में तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहा है। मंगलवार को दिन का न्यूनतम तापमान 24 और रात में 8 डिग्री रहने की संभावना है।










