इटारसी। पथरोटा क्षेत्र में स्थित पावरग्रिड परिसर में तेंदुआ देखे जाने से रहवासियों में दहशत का माहौल है। हाल ही में एक तेंदुए के शावक की करंट लगने से मौत हो जाने के बाद, परिसर में दूसरे तेंदुए की मौजूदगी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। इसी स्थिति को देखते हुए वन विभाग और एसटीआर (सतपुड़ा टाइगर रिजर्व) की संयुक्त टीम ने गुरुवार को तेंदुआ को पकडऩे के लिए पिंजरा लगा दिया है।
शावक की मौत के बाद दहशत का माहौल
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले इसी पावरग्रिड के भीतर एक तेंदुआ और उसके शावक को घूमते हुए देखा गया था। कुछ समय बाद, शावक की करंट लगने से मौत हो गई। इस घटना के बाद भी दूसरे तेंदुए के क्षेत्र में दिखाई देने से यहां के लोग और भी ज्यादा भयभीत हैं। डर का आलम यह है कि एक स्थानीय स्कूल प्रबंधन ने बच्चों को स्कूल आने से भी मना कर दिया है।
वन विभाग ने बढ़ाई चौकसी, दी सुरक्षा सलाह
वन विभाग के अधिकारियों ने स्थिति की गंभीरता को समझा और कार्रवाई शुरू कर दी है। डीएफओ मयंक गुर्जर के दिशा-निर्देशन और एसडीओ मानसिंह मरावी के मार्गदर्शन में संयुक्त टीम ने परिसर के भीतर पिंजरा लगाकर चौकसी बढ़ा दी है। एसडीओ मानसिंह मरावी ने रहवासियों से अपील करते हुए कहा है कि वे सतर्क रहें और दिन ढलने के बाद घरों से बाहर न निकलें। उन्होंने बताया कि तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू करने के बाद उसे वापस जंगल में छोड़ा जाएगा। फिलहाल, वन विभाग की टीम लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है और निवासियों को सुरक्षित रहने की सलाह दे रही है।








