इटारसी। वन परिक्षेत्र इटारसी से जुड़े उप वन परिक्षेत्र जमानी के अंतर्गत आने वाले गांव सोंठिया आमबाड़ा में पिछले कई दिनों से तेंदुए की आवाजाही ने ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना दिया है। कुछ दिन पहले एक गाय का शिकार करने के बाद, अब तेंदुए ने ग्रामीण रामविलास सिरयाम की एक अन्य गाय को घायल कर दिया है, जिससे गांव वालों की चिंता बढ़ गई है।
विस्थापन और जंगल कटाई से बढ़ रहा संघर्ष
स्थानीय ग्रामीण विनोद वारिवा ने इस बढ़ते मानव-वन्यजीव संघर्ष पर गहरी चिंता व्यक्त की। उनका कहना है कि ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और इसका मुख्य कारण जंगल का धीरे-धीरे खत्म होना है। विनोद वारिवा ने बताया कि वन क्षेत्र में चल रहे गांव विस्थापन के कारण वन्यजीव गांव की ओर रुख कर रहे हैं। एक गांव को विस्थापित करने में लगभग 500 एकड़ जमीन के हरे-भरे वृक्ष काट दिए जाते हैं। जंगल खत्म होने के कारण जानवर गांव में घुस रहे हैं, जिससे हमारी और हमारे पशुधन की जान खतरे में है।
ग्रामीण सुरक्षा को लेकर चिंतित
तेंदुए के लगातार हमले से ग्रामीण रात गुजारने में भी डर महसूस कर रहे हैं। वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का दौरा किया है, लेकिन ग्रामीणों की मांग है कि तेंदुए को तुरंत जंगल के अंदरूनी हिस्से में भेजने या पकडऩे के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। ग्रामीणों ने मांग की है कि वन विभाग विस्थापन की प्रक्रिया और उसके पर्यावरणीय प्रभाव की समीक्षा करे, ताकि वन्य जीवों के प्राकृतिक आवास सुरक्षित रह सकें और गांव के लोग सुरक्षित जीवन जी सकें।








