महाप्रबंधक द्वारा खण्डवा-इटारसी रेल खण्ड का निरीक्षण
इटारसी। पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक सुधीर कुमार गुप्ता ने मंडल रेल प्रबंधक सौरभ बंदोपाध्याय के साथ आज भोपाल मंडल के खंडवा-इटारसी रेल खंड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने इस रेल खंड पर स्थित रेल पुलों, रेल पथ, ओएचई, संबद्ध उपकरण एवं सिग्नल प्रणाली का सघन निरीक्षण कर कार्य क्षमता को परखा तथा आवश्यक सुधार के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
मथेला स्टेशन पर विकसित किये जा रहे माल गोदाम का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिये। मथेला-निमारखेड़ी लाइन के निर्माण के साथ मथेला स्टेशन एक महत्वपूर्ण जंक्शन के रूप में विकसित हुआ है। खंडवा स्टेशन पर ट्रेन संचालन का अत्यधिक दबाव होने से यहां पर एक गुड्स शेड का निर्माण किया जा रहा है। इससे मथेला स्टेशन पर माल लदान/उतरान की सुविधा उपलब्ध हो जाएगी और खंडवा क्षेत्र में व्यवसायियों को एक सुविधाजनक माल गोदाम उपलब्ध हो जाएगा।
भिरंगी स्टेशन पर महाप्रबंधक ने इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग सिस्टम का शुभारंभ किया। भिरंगी स्टेशन पर 30 साल पुराने पैनल को इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग सिस्टम से रिप्लेस किया है एवं क्लास सी स्टेशन को आईबीएच बनाकर सेक्शन कैपेसिटी बढ़ाई और रनिंग टाइम कम किया है। हरदा स्टेशन की सफाई, आरक्षण कार्यालय, बुकिंग कार्यालय, सर्कुलेटिंग एरिया आदि का निरीक्षण कर जरूरी सुधार के निर्देश दिए। स्टेशन पर विकसित किये जाने वाले मॉलगोदम के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली।
ज्ञात हो कि हरदा स्टेशन के विकास के तहत नये पैदल पार पुल, लिफ्ट का प्रावधान, सर्कुलेटिंग एरिया का सुधार, दिव्यांगजनों के अनुकूल सुविधा आदि कार्य किये जाने के साथ माल व्यापारियों की सुविधा के लिए वर्तमान में डाउन दिशा में स्थित मालगोदाम के बदले नया मालगोदाम स्टेशन के अप दिशा की लाईन के साथ बनाया जाएगा। वर्तमान समय के अनुसार आधारभूत सुविधाओं के विस्तार एवं व्यापारियों को बेहतर सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से इस नए मालगोदाम का कार्य स्वीकृत किया गया है। इस नए मालगोदाम में पक्का फुल रेक का गूड्स प्लेटफ़ॉर्म, बॉउन्ड्री वाल, सर्कुलेटिंग एरिया, ड्रेनेज, हाई मास्ट के साथ लाइटिंग, मर्चन्ट रूम के साथ-साथ कामगारों के लिए सुविधाएं उपलब्ध होंगी। महाप्रबंधक नें हरदा स्थित टीएसएस (ट्रैक्शन सब स्टेशन) का निरीक्षण कर संरक्षा मानकों को परखा। इस अवसर पर टीएसएस परिसर में डीआरएम के साथ वृक्षारोपण किया।
किलोमीटर संख्या 701/7-9 पर स्थित लेवल क्रासिंग संख्या 215 (इंटरलॉक्ड) पर पहुंचकर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। गेट मैन से संरक्षा नियमों के सम्बंध में पूछताछ कर संरक्षा ज्ञान को परखा तथा समपार पर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। पगढाल-बानापुरा के मध्य किमी संख्या 702/11-13 पर स्थित जैमिनी प्लेट गर्डर ब्रिज का निरीक्षण कर ब्रिज की क्षमता को परखा और बेहतर रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिए। बानापुरा स्टेशन पर स्टेशन की सफाई एवं सार्वजनिक निजी भागीदारी (पीपीपी मोड) के तहत विकसित किये जा रहे आधुनिक माल गोदाम का निरीक्षण कर मालगोदाम में व्यापारियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इटारसी स्टेशन पर निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने स्टेशन की सफाई, स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं एवं सेवाओं का जायजा लिया एवं उसे बेहतर बनाये रखने के निर्देश दिये। 12 बंगला स्थित आदर्श रनिंग रूम का गहन निरीक्षण कर वहां की साफ सफाई, चालक दलों के स्वास्थ्य के लिए विश्राम स्थल, रसोईघर, कर्मचारियों के खान-पान की व्यवस्था, कर्मचारियों के लिए विश्राम करने की व्यवस्था, शयन कक्ष में उपयोग में दी जाने वाले लिनन, योग के लिए खोले गए जिम आदि को देखा और रनिंग रूम में की गई उत्तम व्यवस्था देखकर संतोष व्यक्त किया। रनिंग रूम परिसर में विकसित किये गए गार्डन को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की। इस अवसर पर गार्डन में डीआरएम के साथ वृक्षारोपण किया।
निरीक्षण के दौरान निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रियंका दीक्षित, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) अतिन कुमार तोमर, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी रवींद्र शर्मा, वरिष्ठ मंडल संकेत एवं दूर संचार इंजीनियर (समन्वय) दिनेश कलमे, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (टीआरडी) दिलीप कुमार मीना, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (सामान्य) धनराज सिंह, मंडल इंजीनियर (दक्षिण) अभिषेक मिश्रा सहित अन्य अधिकारी व पर्यवेक्षक कर्मचारी उपस्थित रहे।







