- नर्मदापुरम पुलिस अधीक्षक ने किया इटारसी थाने का निरीक्षण
- पत्रकारों से चर्चा में शहर के विकास और सुरक्षा पर रखे विचार
इटारसी। नर्मदापुरम के पुलिस अधीक्षक साईंकृष्ण थोटा बुधवार को इटारसी पहुंचे, जहां उन्होंने पुलिस थाने का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के पश्चात एसपी नेपत्रकारों से सौजन्य भेंट की और शहर की कानून व्यवस्था सहित विभिन्न सामाजिक व बुनियादी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने इटारसी के नागरिकों की जागरूकता और यहां के शैक्षणिक स्तर की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
जागरूक नागरिक और खेल का अच्छा माहौल
पत्रकारों से चर्चा करते हुए एसपी साईंकृष्ण थोटा ने कहा कि इटारसी के लोग अत्यंत सक्रिय हैं और यहां शिक्षा का स्तर बहुत बेहतर है। उन्होंने अनुभव साझा करते हुए बताया कि यहां के लोगों में कानूनी जागरूकता अधिक है। तुलनात्मक रूप से उन्होंने कहा कि वे पूर्व में पन्ना जिले में पदस्थ थे, उसकी अपेक्षा नर्मदापुरम जिला काफी उन्नत है। उन्होंने शहर में खेल के प्रति उत्साह को भी सराहा और कहा कि यहां स्पोर्ट्स का माहौल बहुत अच्छा है।
उद्योग की कमी और पुलिस बल की चुनौती
शहर की जरूरतों पर बात करते हुए एसपी ने माना कि इटारसी में बड़े उद्योगों (इंडस्ट्री) की कमी है, जिसके कारण रोजगार के लिए लोगों को भोपाल जाना पड़ता है। उन्होंने यहां इंडस्ट्री की स्थापना को बेहद जरूरी बताया। पुलिस विभाग में बल की कमी के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि यह शासन स्तर का मामला है। पूरे जिले में वर्तमान में लगभग 500 पुलिसकर्मियों की कमी है, हालांकि अन्य जिलों की तुलना में यहां स्थिति फिर भी बेहतर है।
पत्रकारों ने उठाए जनहित के मुद्दे
चर्चा के दौरान पत्रकारों ने एसपी का ध्यान शहर की प्रमुख समस्याओं की ओर आकर्षित किया, जिनमें मुख्य रूप से पुलिस कॉलोनी में बच्चों के लिए खेल और मनोरंजन के साधनों की उपलब्धता। नाला मोहल्ला क्षेत्र में सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस थाना की आवश्यकता, शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार और पुलिस बल की कमी को दूर करने के प्रयास शामिल हैं।
नयायार्ड मर्डर केस, तकनीकी जांच जारी
पिछले दिनों नयायार्ड रोड पर हुए मर्डर केस के संबंध में एसपी ने कहा कि पुलिस पूरी गंभीरता से तफ्तीश कर रही है। हालांकि अभी तक पुलिस किसी अंतिम नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है, लेकिन तकनीकी तौर पर विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस जल्द ही इस मामले का खुलासा करने का प्रयास करेगी। एसपी ने यह भी कहा कि इटारसी में अपराध की प्रकृति अराजकता वाली नहीं है, जो एक सकारात्मक संकेत है।









