इटारसी। वीर सावरकर स्टेडियम में ‘खेलो एमपी’ अभियान के तहत विकासखंड स्तरीय पिट्टू प्रतियोगिता का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। इस प्रतियोगिता में क्षेत्र के 39 बालिकाओं और 22 बालकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती सपना गिरधारी प्राचार्य, कन्या शाला पुरानी इटारसी ने मध्य प्रदेश शासन की इस पहल की सराहना करते हुए इसे खेलों का ‘महाकुंभ’ बताया। पिट्टू संघ के जिलाध्यक्ष अशोक मालवीय ने कहा कि पारंपरिक खेलों के पुनर्जीवित होने से समाज में नई ऊर्जा का संचार हो रहा है। खिलाड़ियों के पंजीयन और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद मुकाबले शुरू हुए, जिसमें बालकों की 4 और बालिकाओं की 6 टीमों ने हिस्सा लिया।
जिला पिट्टू संघ के सचिव जाफर सिद्दीकी ने बताया कि खिलाड़ियों का चयन उनकी तकनीक और मैदान पर कौशल के आधार पर किया गया है। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर 12 छात्र और 12 छात्राओं (कुल 24 खिलाड़ी) का चयन किया गया है। ये खिलाड़ी 20 जनवरी को आयोजित होने वाली जिला स्तरीय ‘खेलो एमपी’ प्रतियोगिता में नर्मदापुरम् विकासखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस अवसर पर देवेंद्र परिहार, गीता चौधरी और खेल विभाग के महेंद्र पचलानिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन चयनित टीम की घोषणा के साथ हुआ। अतिथियों ने खिलाड़ियों को आगामी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।









