इटारसी। मध्य प्रदेश शासन के आनंद उत्सव के अंतर्गत नगरपालिका परिषद इटारसी द्वारा जयस्तंभ चौक पर अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन किया। कड़ाके की ठंड के बीच आधी रात तक हजारों की संख्या में श्रोता राष्ट्रप्रेम की कविताओं का आनंद लेते रहे।
सोनभद्र के कमलेश राजहंस ने वीर रस की ओजस्वी वाणी से देशभक्ति का ज्वार जगाया। बरेली के गौरीशंकर धाकड़ और बैतूल के पुष्पक देशमुख ने सीमा के प्रहरियों की वीरता का बखान किया। हास्य के रंग शाजापुर के अशोक नागर और टिमरनी के मुकेश शांडिल्य ने बिखेरे, जिससे पूरा चौक ठहाकों से गूंज उठा।
नागपुर की सरिता सरोज के गीतों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। मंच का सफल संचालन स्थानीय कवि ब्रजकिशोर पटेल ने किया। नपाध्यक्ष पंकज चौरे ने कहा कि आनंद उत्सव का उद्देश्य तनाव मुक्त समाज का निर्माण है। कार्यक्रम में राहुल चौरे, कन्हैया गोस्वामी, राकेश जाधव सहित अनेक पार्षद और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।








