इटारसी। साहित्यिक गतिविधियों को बढ़ावा देने, सामाजिक सरोकारों में वृद्धि और संस्कारों को पल्लवित-पुष्पित करने के संकल्प के साथ नर्मदा आव्हान सेवा समिति द्वारा आगामी 11 जनवरी को एक आयोजन किया जा रहा है। स्वामी विवेकानंद जयंती एवं राष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित यह कार्यक्रम इटारसी के संस्कार मण्डपम में सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा।
नवोदित प्रतिभाओं को मिलेगा मंच
समिति के सचिव कैप्टन करैया ने बताया कि समिति का मुख्य उद्देश्य उन नवोदित कवियों को मंच प्रदान करना है, जिनके पास प्रतिभा तो है लेकिन अवसर का अभाव है। उन्होंने कहा, हमारा प्रयास है कि ऐसी प्रतिभाएं जो घर की चारदीवारी तक सीमित रह जाती हैं, उन्हें समाज के सामने लाया जाए और उन्हें सामथ्र्यवान बनाया जाए। इसी कड़ी में देश के विभिन्न अंचलों से आ रहे 52 नवोदित कवि अपनी काव्य प्रस्तुति देंगे।
दिग्गज साहित्यकारों का सानिध्य और विशिष्ट अतिथि
कार्यक्रम वरिष्ठ कवि बीके पटैल के सानिध्य में संपन्न होगा, जहां स्थापित कवियों के साथ-साथ उभरते हुए रचनाकारों का सम्मान भी किया जाएगा। हंस राय के अनुसार, कार्यक्रम में अतिथियों के रूप में डॉ. सीतासरन शर्मा विधायक, होशंगाबाद, डॉ. अतुल सेठा समाजसेवी, राम किशोर नाविक वरिष्ट साहित्यकार, पंकज चौरे अध्यक्ष, नगर पालिका इटारसी रहेंगे। समिति ने क्षेत्र के समस्त साहित्य प्रेमियों और प्रबुद्ध नागरिकों से इस गौरवमयी आयोजन में सहभागी बनने की अपील की है।








