इटारसी। शहर के व्यस्ततम बैल बाजार क्षेत्र में अवैध रूप से शराब पिलाने की गतिविधियों पर पुलिस ने शिकंजा कसा है। 28 नंबर बैल बाजार में अपने नाश्ते और चकने के ठेले पर लोगों को शराब पिलाने वाले एक संचालक के खिलाफ पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 08:10 बजे थाना इटारसी की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 28 नंबर बैल बाजार में दबिश दी। यहां मनीष खर 31 वर्ष, निवासी तृप्ति कॉलोनी, अपने नाश्ते और चकने के ठेले पर बिना किसी वैध लाइसेंस के लोगों को शराब पिलाते हुए पाया गया।
उपनिरीक्षक राहुल पटेल और उनकी टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए आरोपी मनीष खरे को पकड़ा। सार्वजनिक स्थान पर शराब परोसने और नशे को बढ़ावा देने के आरोप में आरोपी को हिरासत में लिया। इटारसी पुलिस ने इस मामले में आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।








