इटारसी। शहर में शांति व्यवस्था को चाक-चौबंद करने और आमजन में सुरक्षा का भाव पैदा करने के उद्देश्य से आज इटारसी सिटी पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स ने संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला गया। सांप्रदायिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के संकल्प के साथ सुरक्षा बल के जवान शहर की सड़कों पर उतरे।
संवेदनशील इलाकों में पैदल भ्रमण
यह संयुक्त फ्लैग मार्च शहर के संवेदनशील क्षेत्र नाला मोहल्ला से प्रारंभ हुआ। मार्च के दौरान पुलिस और आरएएफ के जवानों ने न केवल मार्च किया, बल्कि स्थानीय निवासियों से सीधा संवाद भी किया। अधिकारियों ने नागरिकों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन किसी भी असामाजिक गतिविधि से निपटने पूरी तरह मुस्तैद है।
इन मार्गों से गुजरा सुरक्षा बल
नाला मोहल्ला से शुरू होकर यह मार्च शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों, घनी आबादी वाले क्षेत्रों और व्यस्त चौराहों से होता हुआ गुजरा। मार्च का मुख्य उद्देश्य आगामी त्योहारों और वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश देना और शांति व्यवस्था बनाए रखना है। फ्लैग मार्च का समापन सिटी थाने पर हुआ।
अधिकारियों का संदेश
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और शहर में शांति व भाईचारा बनाए रखने में सहयोग करें। सुरक्षा बलों की यह मौजूदगी स्पष्ट करती है कि कानून तोडऩे वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।









