इटारसी। बुधवार की सुबह तवानगर मार्ग पर जंगली जानवरों के शिकारियों के दल और पुलिस के गश्ती दल का अचानक आमना सामना हो गया। पुलिस ने पीछा किया लेकिन शिकारियों ने बंदूकें दिखाईं, पुलिस को पीछे हटना पड़ा, क्योंकि उनके पास हथियार नहीं थे। पुलिस ने वन विभाग को खबर की। सुबह वन विभाग की टीम पहुंची और समाचार लिखे जाने तक शिकारियों की तलाश जारी है।
एसडीओ वन मानसिंह मरावी ने बताया कि पुलिस से सूचना मिली थी, विभागीय टीम मौके पर है, सर्चिंग जारी है। बेरियर से भी कंफर्म कर रहे हैं। शिकारियों का पुलिस से आमना-सामना होना बताया जा रहा है। तवानगर थाने से संजय पांडेय का कहना है कि टीम को सूचना मिली थी, पुलिस टीम जो गश्ती पर थी, मौके पर पहुंची और कुछ दूर पीछा भी किया। लेकिन, वे बंदूकधारी थे, पुलिस को पीछे हटना पड़ा।
वन विभाग को मिले सबूत
बताया जाता है कि वन विभाग की टीम को मौके से सांभर का शव और कुछ हथियार और अन्य चीजें मिली हैं, हालांकि अभी वन विभाग ने इसकी पुष्टि नहीं की है। घटना आज सुबह करीब 5 बजे तवानगर मार्ग पर आर्डनेंस फैक्ट्री की पानी की टंकी के पास की बतायी जा रही है। वन विभाग, पुलिस और डिफेंस की टीम आसपास के जंगलों में सर्चिंग कर रही है।