इटारसी। होली पर्व के मद्देनजर शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए इटारसी पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने अवैध शराब के विरुद्ध अभियान चलाते हुए डोलरिया रोड स्थित दो प्रसिद्ध ढाबों पर छापामार कार्रवाई की। इस दौरान भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की गई और दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
नैवेद्यम और द ब्रदर्स ढाबा पर पुलिस की रेड
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर डोलरिया रोड स्थित नैवेद्यम ढाबा और द ब्रदर्स ढाबा पर अचानक दबिश दी। तलाशी के दौरान पुलिस को वहां से भारी मात्रा में देसी-विदेशी शराब और बियर मिली। पुलिस ने कुल 22.250 लीटर शराब जब्त की है। जब्त की गई शराब की कुल कीमत लगभग 7,690/- रुपये आंकी गई है। पुलिस ने इस अवैध गतिविधियों में संलिप्त दो आरोपियों अर्जुन पाटनकर 30 वर्ष, निवासी नाला मोहल्ला, इटारसी और करन ठाकुर 28 वर्ष, निवासी माली मोहल्ला, मेहरा गांव के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।








