इटारसी। आज गुरुद्वारा श्री गुरु सिंघ सभा इटारसी में सिखों के आठवें गुरु श्री गुरु हरकिशन साहिब का प्रकाश उत्सव धूमधाम एवं श्रद्धा भाव से मनाया। प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में 13 जुलाई 2025 से सहज पाठ आरंभ की गई। साध संगत के सहयोग से इस सहज पाठ साहिब की समाप्ति 19 जुलाई 2025 को प्रात: 11:30 पर हुई। इसके पश्चात गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा के हजूरी रागी सरदार अजीत सिंह ने कीर्तन किया। दोपहर 1 से 2:30 बजे तक गुरु का लंगर किया।
गुरु सिंह सभा के प्रधान सेवादार सरदार जसवीर सिंह छाबड़ा ने बताया कि सिख पंथ के आठवें गुरु श्री गुरु हरिकिशन साहब ने बाल अवस्था में ही गुरु गद्दी धारण की एवं दीन दुखियों के लिए अनेक परोपकारी कार्य किये, इसके लिए उन्हें दीन दुखियों का मसीहा भी कहा जाता है। इस प्रकाश पर्व पर अमरजीत सिंह चावला ने अपने बड़े भाई इंदर सिंह इंद्रजीत सिंह चावला की स्मृति में गुरु नानक पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल इटारसी के मेधावी छात्रों को नगद राशि प्रदान कर सम्मानित किया।
गुरुद्वारा श्री गुरु सिंघ सभा ने भी इन मेधावी छात्रों का सम्मान प्रकाश पर्व पर किया। श्री छाबड़ा ने बताया कि समाज के जरूरतमंद विद्यार्थियों को आवश्यक सभी शैक्षणिक सामग्री निशुल्क वितरित की जाएगी। इस अवसर पर गुरुद्वारा श्री गुरु सिंघ सभा के सचिव राजेंद्र सिंह दुआ, कोषाध्यक्ष गुरभेज सिंह जुनेजा, गुरुनानक पब्लिक स्कूल इटारसी के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह सलूजा, अमनदीप सिंह भाटिया, परमीत सिंह भाटिया एवं परविंदर सिंह टुटेजा विशेष रूप से उपस्थित थे।









