सिवनी मालवा। डोल ग्यारस के पावन पर्व पर, विश्व हिंदू परिषद के संरक्षण में जागृत हिंदू संस्कृति रक्षक मंच द्वारा 3 सितंबर 2025 को एक विशाल भजन मंडली प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता, जो पिछले 24 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रही है, इस बार भी स्थानीय जय स्तंभ चौक के वाहन पार्किंग मैदान में बुधवार रात 8 बजे से शुरू होगी।
कार्यक्रम के संयोजक और विश्व हिंदू परिषद के प्रांत सह धर्माचार्य संपर्क प्रमुख शिव राठौर ने बताया कि प्रतियोगिता का शुभारंभ पूज्य संत अनंत वन महाराज, राष्ट्रीय कथा वाचिका पूज्य अनन्या शर्मा और अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा पूजा-अर्चना के साथ किया जाएगा। प्रतियोगिता से पहले शोभ्या डांसर एक सुंदर नृत्य की प्रस्तुति देंगी, और माँ यशोदा के सांवरे जागरण ग्रुप के अभिषेक मालवीय द्वारा एक धार्मिक भजन संध्या का भी आयोजन किया जाएगा।
प्रतियोगिता का आरंभ श्री मधुर मंडल भिलाडिय़ा कला, श्री श्रृद्धा मंडल रतवाड़ा और मां दुर्गा मंडल हथनापुर द्वारा किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में आकर्षक नकद पुरस्कार रखे गए हैं, जो विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक हस्तियों द्वारा प्रायोजित हैं। प्रथम पुरस्कार 51,000 रुपए, द्वितीय पुरस्कार 31,000 रुपए और तृतीय पुरस्कार 21,000 रुपए है। इसके अतिरिक्त, कई विशेष और सांत्वना पुरस्कार भी मंडलों को प्रदान किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभा सम्मान समारोह का भी आयोजन होगा, जिसमें क्षेत्र के रामफेरी मंडलों, अखाड़े के गुरुओं और मूर्तिकारों का सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम में कई प्रमुख अतिथि और वक्ता शामिल होंगे, जिनमें मुख्य अतिथि और मुख्य वक्ता के रूप में विश्व हिंदू परिषद के क्षेत्र संगठन मंत्री जितेंद्र सिंह पंवार मौजूद रहेंगे।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, सांसद दर्शन सिंह चौधरी, राज्यसभा सांसद माया नारोलिया, विधायक प्रेम शंकर वर्मा और कई अन्य मंत्री और वरिष्ठ नेता भी कार्यक्रम में आएंगे। शिव राठौर और अन्य आयोजकों ने सभी नागरिकों से डोल ग्यारस पर्व पर आयोजित इस ईनामी भजन मंडली प्रतियोगिता को सफल बनाने की अपील की है।









